महासमुन्द
महासमुंद, 7 अगस्त। जनपद पंचायत सरायपाली के ग्राम पंचायत बहेरापाली में सीसी रोड निर्माण की जांच के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना सामने आई है। पीडि़त ग्रामीण की शिकायत पर सरायपाली पुलिस ने दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बहेरापाली निवासी गोपबंधु पटेल ने सीसी रोड निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत जनपद पंचायत में की थी। 31 जुलाई की दोपहर लगभग 1 बजे जनपद पंचायत के एसडीओ मामले की जांच के लिए गांव पहुंचे थे। जांच के दौरान सरपंच पति समूल नाग ने गांव के गौरीशंकर पटेल, उप सरपंच पति अभिषेक पटेल और अन्य ग्रामीणों को मौके पर बुलाया था।
थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, गौरीशंकर पटेल ने बताया कि मौके पर पहुंचने के बाद गोपबंधु पटेल और मनोज पटेल ने आपत्ति जताते हुए उनसे कहासुनी की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उनके दाहिने कान के पीछे चोट आई।
घटना के बाद पीडि़त ने सरायपाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राप्त शिकायत के आधार पर आरोपी गोपबंधु पटेल और मनोज पटेल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।