महासमुन्द

संकरी गली में फंसा 16 चक्का भारी ट्रक
07-Aug-2026 3:04 PM
संकरी गली में फंसा 16 चक्का भारी ट्रक

मशक्कत के बाद आवागमन बहाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 अगस्त। बागबाहरा नगर की यातायात व्यवस्था और प्रशासनिक अनदेखी का भयावह नजारा गुरुवार को शहर के रिहायशी इलाके में देखने को मिला। सुबह करीब 11.51 बजे लालपुर और गणेश पारा क्षेत्र की एक बेहद संकरी गली में 16 चक्का भारी ट्रक क्रमांक सीजी 07 सीएन 9784 घुस आया। गली इतनी पतली है कि ट्रक पक्के मकानों से सटकर गुजर रहा था। वहीं ऊपर से गुजर रहे बिजली के हाइटेंशन तार ट्रक को छूते नजर आ रहे थे।  ट्रक के फंसने से गली में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल से लौट रहे बच्चे, बाइक सवार और आम राहगीर घंटों जाम में फंसे रहे। स्थानीय लोगों की मशक्कत के बाद करीब आधे घंटे में आवागमन बहाल हो सका।

रहवासियों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि यदि तार टूट जाता या ट्रक का संतुलन बिगड़ता तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस मामले पर नगर पालिका अधिकारी सीएमओ गिरीश चंद्रा ने बताया कि वार्ड 5, 6 और 7 में कई दुकानें और गोदाम स्थित हैं। व्यापारी दिन में ही भारी वाहनों से सामान मंगाते हैं, जिससे यह समस्या हो रही है। उन्होंने कहा कि संबंधित गोदाम मालिकों को नोटिस दिया जा रहा है।


अन्य पोस्ट