महासमुन्द

सेवानिवृत्त सूबेदार दुबे लाल साहू का भव्य स्वागत
05-Aug-2026 2:41 PM
सेवानिवृत्त सूबेदार दुबे लाल साहू का भव्य स्वागत

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

महासमुंद,5 अगस्त। जिला मुख्यालय के नजदीकी ग्राम खरोरा के शहीद स्मारक में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद महासमुंद द्वारा भारतीय सेना से 28 वर्षों की गौरवमयी सेवा पूर्ण कर लौटे सूबेदार फार्मासिस्ट आर्मी मेडिकल कोर दुबे लाल साहू का पूर्ण सैन्य रीति-रिवाज एवं भव्य रैली के साथ नागरिक अभिनंदन किया गया।

सूबेदार दुबे लाल साहू लखनऊ से अपनी राष्ट्र सेवा पूरी कर अपने गृह नगर महासमुंद लौटे हैं। इस अवसर पर पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्यों ने बाजे-गाजे के साथ एक रैली निकाली और भारत माता के जयघोष के बीच उन्हें महासमुंद खरोरा स्थित शहीद स्मारक लेकर पहुंचे।

       अमर शहीदों को श्रद्धांजलि कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य अतिथि सूबेदार दुबे लाल साहू द्वारा शहीद स्मारक में दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर देश के अमर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। तत्पश्चात संगठन के सदस्यों एवं नगरवासियों ने पुष्पहार पहनाकर सूबेदार साहू का स्वागत किया। स्वागत उद्बोधन में संगठन के अध्यक्ष युवराज चन्द्राकर ने कहा कि एक सैनिक का जीवन केवल एक साधारण नौकरी नहीं, बल्कि त्याग, तपस्या और अतुलनीय समर्पण का पर्याय है।

       इस दौरान अपने विचार साझा करते हुए सेवानिवृत्त सूबेदार दुबे लाल साहू ने अपनी सैन्य पोस्टिंग्स और अनुभवों को याद किया। उन्होंने कहा कि सेना से सेवानिवृत्ति का अर्थ केवल वर्दी का हटना हो सकता है, लेकिन एक सैनिक का कर्तव्य और उसकी भावना जीवनभर अमर रहती है।

 वह सदैव देश का सैनिक ही रहता है।

       देशभक्ति के तरानों और बाजे-गाजे के साथ रैली नगर के विभिन्न चौक-चौराहों से होकर गुजरी, जहां मुख्य अतिथि को ससम्मान उनके गृह-निवास तक विदा किया गया। इस गरिमामयी एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सूबेदार के परिजन, पूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य पूर्व सैनिक नंदकिशोर सिन्हा, प्रदीप चन्द्राकर, माया साहू,बी पी वर्मा,डी पी पांडे,बंसी सिन्हा, रविद्र नायक, अरविंद साहू, लक्ष्मी चंद घृतलहरे, संवेदना समूह खरोरा के सदस्य मुकेश चन्द्राकर, अंजना, गायत्री, पूर्णिमा, परिवारजन तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे मंच का संचालक सरला सोनी ने किया।


अन्य पोस्ट