महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 अगस्त। महासमुंद जिले में सोमवार सुबह करीब साढ़े 3 बजे 8 नाबालिग बाल सुधार गृह से भाग निकले। नाबालिगों ने पहले खिडक़ी की ग्रिल तोड़ी, फिर करीब 12 फीट ऊंची सुरक्षा दीवार पर लगे कांटेदार तार काटकर फरार हो गए। मामला सिटी कोतवाली महासमुंद थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक फरार हुए सभी नाबालिग पिछले 4-5 महीनों से बाल सुधार गृह में रखे गए थे। इनमें 1 रेप, 2 चोरी, 3 आबकारी और 2 एनडीपीएस एक्ट के मामलों में बंद थे। इनमें से 2 नाबालिग ओडिशा के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस सभी नाबालिगों की तलाश में जुटी हुई है। गौरतलब है कि महासमुंद जिला मुख्यालय से लगे बरोंड़ा बाजार में बाल संप्रेक्षण गृह है, जहां कुल 27 बच्चों को रखा गया है। सोमवार तडक़े जब स्टाफ की नजर खिडक़ी पर पड़ी, तो उसकी ग्रिल टूटी हुई मिली। इसके बाद जांच की गई तो पता चला कि 8 नाबालिग गायब हैं।
प्रहरी स्टाफ ने बाहर जाकर देखा तो सुरक्षा दीवार पर लगे कांटेदार तार भी कटे हुए मिले। इसके बाद फौरन मामले की जानकारी सिटी कोतवाली पुलिस, महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही अधिकारी बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचे और स्थल मुआयना किया।
समाचार लिखे जाने मंगलवार सुबह 11 बजे तक फरार बाल आरोपियों को ढूंढने पुलिस ने जिलेभर में सर्च अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के जिलों और संबंधित थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट किया गया है। संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। फरार नाबालिगों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
फरार नाबालिगों में से एक बलौदाबाजार के भाटापारा थाना क्षेत्र, 2 सरायपाली, एक महासमुंद, एक फिंगेश्वर और एक धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वहीं दो बाल अपचारी ओडि़शा के कालाहांडी जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना सिर्फ लापरवाही का नतीजा थी या इसके पीछे किसी की मिलीभगत भी है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
ज्ञात हो कि करीब 2 साल पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से नाबालिग फरार हुए थे। उस घटना के बाद सुरक्षा मजबूत करने के लिए चारदीवारी करीब 4 फीट ऊंची की गई थी और ऊपर कांटेदार तार लगाए गए थे। अधिकारियों ने दावा किया था कि अब ऐसी घटना दोबारा नहीं होगी।
बाल संप्रेक्षण गृह की अधीक्षिका अपर्णा श्रीवास्तव ने बताया कि फरार सभी नाबालिगों की उम्र 15 से 18 साल के बीच है। घटना की सूचना सिटी कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। इसके अलावा विभाग के सीनियर अधिकारियों को भी जानकारी भेज दी गई है।
