महासमुन्द
दावा -ओवरलोड और लो वोल्टेज की समस्या से मिलेगी राहत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर / महासमुंद, 4 अगस्त । छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी द्वारा महासमुंद जिले के 132/33 केवी उपकेंद्र सांकरा में स्थापित 40 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर का सफल ऊर्जीकरण सोमवार को एमडी राजेश कुमार शुक्ला की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर उपकेंद्र की रिक्त भूमि में पौधारोपण भी किया गया।
उपकेंद्र में पहले से 40 एमवीए एवं 63 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफार्मर स्थापित हैं। नए 40 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकरण के साथ उपकेंद्र की कुल स्थापित क्षमता बढक़र 143 एमवीए हो गई है।
इससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उपकेंद्र में गत वर्ष पीक लोड सीजन के दौरान लगभग 96 एमवीए तक लोड दर्ज किया गया था, जिससे ओवरलोड एवं लो वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो रही थी। अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर के चालू होने से इन समस्याओं से राहत मिलेगी तथा लगभग 200 गांवों में बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध होगी। यह क्षेत्र कृषि एवं कृषि आधारित उद्योगों के साथ अन्य औद्योगिक गतिविधियों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। सांकरा उपकेंद्र को 132 केवी सरायपाली तथा 132 केवी झलप पारेषण लाइनों से विद्युत आपूर्ति प्राप्त होती है तथा यहां से 33 केवी के 9 फीडरों के माध्यम से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की जाती है। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 4 करोड़ रुपये है।
इस अवसर पर सीई अब्राहम वर्गीश, एसीई आर.के. तिवारी, एस?ई विक्रम मंधान, ईई प्रशांत साहू, विंध्याचल गुप्ता, प्रदीप साहू, गौरव रघुवंशी, एई राजेंद्र चौहान, सुश्री लता जगत, नारायण प्रसाद लोधी, अंकुर तथा दीपक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।