महासमुन्द

बारिश के बाद रोपाई तेज, अब भी कई इलाकों में पुरानी पद्धति से रोपा
03-Aug-2026 2:47 PM
बारिश के बाद रोपाई तेज, अब भी कई इलाकों में पुरानी पद्धति से रोपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 अगस्त। वर्तमान में महासमुंद जिले के किसान थरहा-रोपा में व्यस्त हैं। गांवों से सुबह-सुबह मजदूरों की टोलियां खेतों की ओर जाती हैं और शाम ढलते वापस घरों की ओर लौटती हैं। इन टोलियों में अधिकांश महिलाएं ही होती हैं। खेतों में पहुंचते ही धान के पौधों की नर्सरी थरहा से पौधों को जड़ से उखाडक़र तैयार स्थानों पर ले जाती हैं और कमर झुकाकर बाएं हाथ की कुहनी को बाईं घुटने में रखकर दाहिए हाथ से तेज चाल में धान के पौधों की रोपाई करती हैं।

अब से पांच-दस साल पहले खरीफ के वक्त खेतों में थरहा-रोपा की तस्वीर थोड़ी सी अलग होती थी। अब एक एकड़ क्षेत्रफल के हिसाब से अथवा रोजी के हिसाब से धान की रोपाई होती है। पहले डगनी के हिसाब से रोपाई के पैसे मिलते थे। यह डगनी दस फीट लंबी एक बांस होती थी जिसे 10 फीट लम्बा और 10 फीट चौड़ा मतलब 100 वर्ग फीट क्षेत्र में रोपा लगाने की मजदूरी निर्धारित होती थी। मजदूर अपने-अपने हिसाब से कोई 5, 10, 15 डगनी रोपा लगाते थे। एक एकड़ में 100 डगनी, 100 डगनी मललब 100 डिस्मिल और 100 डिस्मिल मतलब एक एकड़ क्षेत्र गिना जाता था। मतलब पहले डगनी से ही किसी भी खेत का क्षेत्रफल नाप लिया जाता था।

कभी-कभी दर्जनों मजदूर मिलकर पूरे एक एकड़ खेत में रोपा लगाने का ठेका लेते थे और मानव शृंखला बनाकर नियत से कम समय में ही रोपा लगा लेते थे। छत्तीसगढ़ी में इसे ठेका कहते हैं। आज भी किसी-किसी गांव मेें किसानी काम समूह में होता है। समूह में गांव के हर घर के किसान शामिल होते हैं। सारे लोग एक किसान के खेत में बोआई, रोपाई, निंदाई, धान कटाई करते हैं और इस तरह एक-एक करके सभी के खेतों में काम समय पर हो जाता है और मजदूरों का टोटा नहीं होता। 

लेकिन पहले की ही तरह अब भी किसान 20-25 दिन उम्र वाले धान के पौधे जिसमें 4-5 पत्तियां निकल आएं, इसे रोपाई के लिए उपयुक्त मानते हैं। कहा जाता है कि यदि पौध की उम्र ज्यादा होगी तो रोपाई के बाद कल्ले कम फूटते हैं और उपज में कमी आती है। मध्यम व देर से पकने वाली प्रजातियों की रोपाई अगस्त के प्रथम पखवाड़े तक पूरी हो जाती है। धान की शीघ्र पकने वाली प्रजातियों की रोपाई जुलाई के दूसरे पखवाड़े तक की जाती है।

इसी तरह सुगन्धित प्रजातियों की रोपाई जुलाई के अंत में ही शुरू हो जाती है। धान के पौधों को उखाडऩे के पहले खेतों में पर्याप्त पानी रखकर उसमें से बूटा आदि को निकालकर हल-ट्रैक्टर से जोताई करके मिट्टी को लेहयुक्त एवं समतल बना दी जाती है।

पौध रोपण वाले दिन सुबह नर्सरी से कमजोर, रोगमुक्त तथा किस्मों की नवपौधों को अलग कर दिया जाता है और नये पौधों को किसी मुलायम सामग्री अथवा धान के पौधों से ही 5-8 सें.मी.व्यास वाले सुविधाजनक बंडलों में बांध लिया जाता है।  इसके बाद पंक्ति से पंक्ति एवं पौधे से पौधे की दूरी 20-30 में तीन-चार पौधे एक जगह रोप दिया जाता है। पौधों की रोपाई 3 सें.मी. की गहराई पर करते हैं। एक वर्गमीटर क्षेत्रफल में कम से कम 33 पौधे होते हैं। देर से रोपाई करने की दशा में अथवा ऊसर भूमि में रोपाई के लिए 15-10 सें.मी.की दूरी पर लगभग 35-40 दिनों पुरानी पौध तथा प्रत्येक स्थान पर 3-4 पौध की रोपाई की जाती है।

धान की रोपणी खेती के लिए अच्छी जलधारण क्षमता वाली चिकनी, मटियार या मटियार दोमट मृदा सर्वोत्तम मानी जाती हैं। रेतीली अथवा रेतीली.दोमट मृदा धान के लिए उपयुक्त नहीं होती है क्योंकि इनसे जल का रिसाव अपक्षोकृत अधिक होता है। थरहा विधि छत्तीसगढ़ की पारंपरिक धान रोपाई विधि है। यह एक तरह की धान की नर्सरी होती है। इसमें किसान पहले खेत के एक छोटे हिस्से में धान के बीज बोते हैं। पानी जैसे ही खेत में भर जाता है, बोये गए थरहा अथवा गाछी की फि र से निंदाई की जाती है। जिससे फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में वृद्धि होती है।


अन्य पोस्ट