महासमुन्द

पार्षद ने मीना बाजार को बगैर मीटर विद्युत कनेक्शन देने के लगाए आरोप
02-Aug-2026 8:21 PM
पार्षद ने मीना बाजार को बगैर मीटर विद्युत कनेक्शन देने के लगाए आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 2 अगस्त। नगर के खेल मैदान में संचालित मीना बाजार में दिए गए विद्युत कनेक्शन को लेकर कांग्रेस पार्षद प्रफुल राजपूत ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

पार्षद प्रफुल राजपूत का आरोप है कि मीना बाजार में बिना मीटर के सीधे तारों से विद्युत आपूर्ति की जा रही है, जिससे भारी क्षमता वाले झूले चलाए जा रहे हैं।  श्री राजपूत ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि उन्हें कुछ जानकारों द्वारा प्रत्यक्ष दिखाया गया कि किस तरह हजारों वाट के झूले बगैर मीटर के चल रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर आम उपभोक्ताओं को मीटर के आधार पर बिल दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर अधिक विद्युत खपत वाले आयोजनों में बिना मीटर के कनेक्शन दिया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई और नियमानुसार वसूली की मांग की है। साथ ही, शहरवासियों को भी अनवरत बिजली आपूर्ति देने की बात कहते हुए मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। मामले में विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री (जेई) ने बताया कि पूर्व में लगाया गया मीटर जल जाने के कारण अस्थायी रूप से सीधा कनेक्शन दिया गया है। विभाग द्वारा खपत का आकलन कर औसतन (एवरेज) बिल वसूल किया जाएगा।

आंकलन पर पार्षद की आपत्ति

विद्युत विभाग के स्पष्टीकरण पर आपत्ति जताते हुए पार्षद राजपूत ने कहा कि जब मीना बाजार बंद रहता है तब मीटर चालू रहता है और शाम से रात तक जब संचालन होता है, तब सीधे कनेक्शन से आपूर्ति की जाती है। ऐसे में औसतन बिल का सही आकलन होना संभव नहीं है।


अन्य पोस्ट