महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 अगस्त। असंगठित मजदूरों की डिजिटल व्यवस्था अब हजारों गरीब परिवारों के लिए सबसे बड़ा जंजाल बन चुकी है। श्रमेव जयते पोर्टल में तकनीकी मेंटेनेंस की खराबी के चलते जिले में पिछले 20 दिनों से ई-केवाईसी के साथ श्रम विभाग का काम पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है।
इसका सीधा असर जिले के करीब 42 हजार पंजीकृत श्रमिकों पर पड़ा है। ये अपने हक की छात्रवृत्ति, आवास, शिक्षा सहायता जैसी सरकारी योजनाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। महासमुंद जिले में कुल पंजीकृत संगठित श्रमिकों की संख्या 1 लाख 72 हजार 614 है। असंगठित श्रमिकों की कुल पंजीकृत संख्या 34 हजार 999 है। इनमें से करीब 1 लाख 29 हजार 695 मजदूरों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है। करीब 42 हजार मजदूर ऐसे हैं, जो अब भी ई-केवाईसी के इंतजार में अटके आअधिकारियों के पास इसका जवाब नहीं कि कब चालू होगी। श्रम विभाग की नियमावली के अनुसार, योजना का लाभ केवल मजदूर कार्ड होने भर से नहीं मिलता। बायोमैट्रिक या आधार से ई-केवाईसी सत्यापन अनिवार्य होता है। ई-केवाईसी के अटकने से बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति, नोनी बाबू मेधावी शिक्षा प्रोत्साहन, विशेष शिक्षा सहायता योजना के तहत मिलने वाली राशि अटकी हुई है। साथ ही श्रमिक आवास योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता का सत्यापन न होने से निर्माण कार्य अधूरे पड़े हैं।
कुल मिलाकर श्रमिकों को जिन योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए, वे सभी ई-केवाईसी के फेर में अटकी हुई हैं। दूसरी ओर विभाग के अधिकारी सर्वर मेंटेनेंस की बात कहकर श्रमिकों को सिर्फ दिलासा देकर वापस भेज रहे हैं। सर्वर आखिरकार कब तक ठीक हो पाएगा, यह जवाब जिम्मेदार अधिकारियों के पास भी नहीं है।
महासमुंद के श्रम अधिकारी डीएन पात्र ने बताया कि सर्वर सोमवार को चालू हो जाना था। श्रमेव जयते पोर्टल में मेंटेनेंस चल रहा है। इससे ई-केवाईसी प्रभावित है। जैसे ही सर्वर सामान्य होगा, लंबित आवेदनों का सत्यापन तेजी से करा दिया जाएगा। किसी पात्र हितग्राही का नुकसान न हो।