महासमुन्द
ऑफ लाइन उपस्थिति पंजी के सत्यापन और बायोमेट्रिक व्यवस्था की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,30 जुलाई। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन महासमुंद ने वीएसके ऐप के माध्यम से आनलाइन उपस्थिति के आधार पर वेतन आहरण और कम उपस्थिति पर वेतन कटौती संबंधी रोक शिक्षण संचालनालय डीपीआई के आदेश पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक टेकराम सेन ने बताया कि वीएसके ऐप में व्याप्त तकनीकी खामियों को दूर किये बिना वेतन काटना कर्मचारियों के साथ अन्याय होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में वीएसके ऐप में तकनीकी समस्याएं बनी हुई है। नेटवर्क, लोकेशन और दूरी संबंधी त्रुटियों के कारण समय पर विद्यालय पहुंचने वाले शिक्षकों-कर्मचारियों की उपस्थिति भी कई बार दर्ज नहीं हो पाती। ऐसे में केवल ऐप के आधार पर वेतन काटने का निर्णय उचित नहीं होगा। महामंत्री दिलीप तिवारी ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षक नियमित रुप से पंजी मेंहस्ताक्षर कर रहे हैं तो उसके भौतिक सत्यापन को नजरअंदाज क्यों किया जा रहा है। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की ओर से ईश्वर चंद्राकर ने कहा कि अधिकांश शिक्षकों ने निजी मोबाइल में डेटा सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बावजूद वीएसके ऐप डाउनलोड किया है लेकिन तकनीकी समस्याओं का समादान अब तक नहीं हो पाया है। फेडरेशन की ओर से संदीप तिवारी अनिल कोसरिया, उमेश साहू ने मांग की है कि वीएसके ऐप के बजाय पूरे प्रदेश में बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू की जाये। कर्मचारी नेता उमेश भारती गोस्वामी, दीपक तिवारी, चमन चंद्राकर, सिराज बक्स, ओमनारायण शर्मा, अरुण कुमार प्रधान ने कहा कि तकनीकी रूप से अस्थिर ऐप के आधार पर वेतन रोकना या कटौती करना स्वीकार्य नहीं है। तत्संबंध में फेडरेशन के जिला संयोजक टेकराम सेन के नेतृत्व में संयुक्त कलेक्टर आशीष कर्मा को शिक्षामंत्री छग शासन एवं सचिव स्कूल शिक्षा विभाग एवं संचालक डीपीआई का ज्ञापन सौंपा गया।
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की ओर से प्रमोद तिवारीष अशोक गिरि गोस्वामीष कमलेश ध्रुव, डा. रामकुमार चंद्राकर, एसपी ध्रुव, मनीष ठाकुर, शिव कुमार साहू, राकेश थवाईत, ईश्वर चंद्राकर, सिराज बक्स, ओमनारायण शर्मा, संदीप तिवारी, कमल यादव, एमएल ध्रुव, बीपी मेश्राम, उमेश साहू, मनीष श्रीवास्तव, दीपक तिवारी सहित पदाधिकारियों ने उक्त आदेश को अन्यायपूर्ण बताया है।