महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,30जुलाई। पूर्व संसदीय सचिव छग शासन व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चन्द्राकर ने कलेक्टर को पत्र प्रेषित कर जिले में मूक-बधिर बच्चों के लिए सरकारी स्तर पर स्पीच थेरेपी प्रारंभ करने की मांग की है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि जिले में पंजीकृत और अपंजीकृत बड़ी संख्या में मूक.बधिर बच्चे निवासरत हैं जिनमें से अधिकांश गरीब तबके के परिवारों से आते हैं। इन बच्चों के सर्वांगीण विकास और समाज की मुख्यधारा से जुडऩे के लिए स्पीच थेरेपी अत्यंत आवश्यक हैए लेकिन वर्तमान में शासकीय स्तर पर इस सुविधा का अभाव है।
पूर्व विधायक ने बताया कि समाज कल्याण विभाग द्वारा ग्राम खैरा स्थित बहुविकलांग भवन में पहले से ही बहुविकलांग बच्चों के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उसी भवन में यदि स्पीच थेरेपी की व्यवस्था भी शुरू कर दी जाए तो संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और जरूरतमंद बच्चों को उनके घर के नजदीक ही उपचार मिल सकेगा। उन्होंने सुझाव दिया कि इस कार्य के लिए समाज कल्याण विभाग के पास निराश्रित निधि अथवा मण्डी शुल्क से प्राप्त राशि का उपयोग किया जा सकता है। पूर्व में भी इसी निधि से बहुविकलांग भवन का निर्माण और संचालन किया गया था। इसलिए अब इस निधि को बच्चों की थेरेपी के लिए भी उपयोग में लाया जाना चाहिए।
पत्र में यह भी कहा गया है कि अभी एक निजी एनजीओ द्वारा बिना पंजीयन के स्पीच थेरेपी कराई जा रही है जिसके लिए प्रतिदिन लगभग 500 रुपए का शुल्क लिया जा रहा है। गरीब परिवार वर्षों तक चलने वाली इस थेरेपी का इतना खर्च वहन करने में सक्षम नहीं हैं। जिससे कई बच्चे उपचार से वंचित रह जा रहे हैं। यदि शासन द्वारा शीघ्र पहल नहीं की गई तो जिले के सैकड़ों बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो सकता है।
श्री चन्द्राकर ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि समाज कल्याण विभाग अथवा जिला खनिज न्यास निधि के माध्यम से तत्काल स्पीच थेरेपी प्रारंभ करने की स्वीकृति प्रदान की जाए। ताकि जिले के गरीब और जरूरतमंद मूक.बधिर बच्चों को समय पर आवश्यक सहायता मिल सके और वे आत्मनिर्भर जीवन जीने में सक्षम बन सकें।