महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जुलाई। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में दहेज प्रताडऩा का एक मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति तथा सास-ससुर के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बरोली की मूल निवासी एवं वर्तमान में बड़ेटेमरी में रह रही महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका विवाह 6 अप्रैल 2025 को बरोली निवासी लोकेश साव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था।
महिला का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति लोकेश साव, सास राधाबाई साव तथा ससुर रमेश साव दहेज में पर्याप्त सामान नहीं लाने की बात कहकर उसे ताने देते थे। साथ ही सोने-चांदी के आभूषण एवं नकद राशि की मांग करते हुए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त करते थे।
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसका पति शराब के नशे में आए दिन गाली-गलौज, मारपीट तथा अभद्र व्यवहार करता है। सास-ससुर भी उसे अपमानित करते हुए पति को मारपीट के लिए उकसाते हैं। प्रार्थी महिला का कहना है कि तबीयत खराब होने पर उपचार कराने के बजाय उसे मायके छोड़ दिया जाता है। पीडि़ता के अनुसार 5 मार्च 2026 को सामाजिक स्तर पर हुई बैठक में समझौते के बाद वह दोबारा अपने ससुराल लौट गई थी। लेकिन अगले ही दिन से दहेज की मांग को लेकर फिर विवाद, गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई।
परिवार को टूटने से बचाने की उम्मीद में महिला ने महासमुंद स्थित महिला परामर्श केंद्र की भी शरण ली। वहां दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई, लेकिन परामर्शदाताओं के समक्ष महिला के ससुराल पक्ष ने उसे अपने साथ रखने से स्पष्ट इंकार कर दिया। इसके बाद पीडि़ता ने कानूनी कार्रवाई का सहारा लिया।
मामले की जांच के बाद बसना पुलिस ने आरोपी लोकेश साव, राधाबाई साव एवं रमेश साव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 तथा 3-5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।