महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,30 जुलाई। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने जिले में आवारा घुमंतु गौ वंशीय पशुओं को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन से जिले के सभी गोठानों का संचालन तत्काल पुन: प्रारंभ कराने की मांग की है। श्री साहू ने कहा कि वर्तमान समय में जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में खेती.किसानी का कार्य पूरे वेग से चल रहा है। किसानों द्वारा खेतों में खरीफ धान की बोनी प्रारंभ कर दी गई है। ऐसे में फसल लग जाने से पशुओं के चरने के लिए खुले स्थानों की कमी हो गई है और चारा तथा पानी की समस्या भी सामने आ रही है। इस स्थिति में यदि बंद पड़े गोठानों को पुन: शुरू नहीं किया गया तो आवारा पशुओं के कारण किसानों की फसल को नुकसान पहुंचने के साथ ही पशुओं के समक्ष भी भुखमरी की स्थिति निर्मित हो सकती है।
श्री साहू ने स्मरण कराया कि कुछ माह पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिले में आयोजित कार्यक्रम में गौ धाम योजना के अंतर्गत प्रदेश के प्रत्येक जिले में गौ धाम स्थापित किए जाने की घोषणा की थी। लेकिन महासमुंद जिले में इस योजना के तहत अब तक कोई ठोस कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। परिणामस्वरूप जिले में बड़ी संख्या में आवारा घुमंतु गौ वंशीय पशु इधर.उधर भटक रहे हैं और सडक़ों पर बैठे रहते हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी लगातार बढ़ रही है।
इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका अध्यक्ष ने नगर के गौ सेवकों,बुद्धिजीवियों, गणमान्य नागरिकों तथा पालिका के समस्त पार्षदों के साथ कुछ दिन पूर्व ही बैठक कर विचार-विमर्श किया था। जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत मंडी परिसर में तीन माह के लिए आवारा मवेशियों को रखने हेतु अस्थाई आश्रय स्थल बनाया जाए। इस संबंध में कलेक्टर एवं मंडी प्रशासन को पत्राचार कर सहयोग का अनुरोध किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा इस मानवीय पहल पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र ही मंडी परिसर के शेड में आवारा पशुओं को रखने की व्यवस्था किए जाने का आश्वासन दिया गया है।
श्री साहू ने शासन से आग्रह किया है कि ग्रामीण अंचल के साथ साथ शहरी क्षेत्र में भी घुमंतु आवारा पशुओं के स्थाई निवास हेतु गौ धाम की स्थापना की जाए तथा उनके चारा.पानी की समुचित व्यवस्था के लिए बजट का प्रावधान किया जाए। इससे शहर की यातायात व्यवस्था सुरक्षित होगी और गौवंश को भी संरक्षण मिल सकेगा।