महासमुन्द

बारिश से बल्दीडीह में मकान गिरा, परिवार बाल बाल बचा
29-Jul-2026 1:47 PM
बारिश से बल्दीडीह में मकान गिरा, परिवार बाल बाल बचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 29 जुलाई। पिथौरा क्षेत्र में बीते सप्ताह से हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। विकासखंड के ग्राम बल्दीडीह में एक ग्रामीण का मिट्टी का मकान गिर गया, जिसमें पूरा परिवार बाल बाल बचा। वहीं कसडोल और गिधौरी मार्ग पर आवागमन बाधित हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात लगभग 10 बजे ग्राम बल्दीडीह निवासी श्वेतकुमार भोई के मकान की मिट्टी की दीवार गिर गई। घटना के समय परिवार घर के अंदर था, जिससे श्वेतकुमार भोई, उनकी पत्नी और दो बच्चे घायल हो गए। ग्रामीणों और 112 की मदद से घायलों को पिथौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना कोटवार के माध्यम से राजस्व अधिकारियों को दे दी गई है। बताया जाता है कि बया के नजदीक गिधौरी मार्ग पर स्थित खरखरी नाला में बाढ़ के कारण विगत तीन दिनों से आवागमन पूरी तरह बाधित है।  ग्रामीण पैदल नाला पार कर बया पहुंच रहे हैं। वहीं कसडोल मार्ग बारिश की वजह से इतना अधिक जर्जर हो चुका है कि इस मार्ग पर यातायात लगभग बंद हो गया है। इस जर्जर मार्ग पर दुपहिया भी बमुश्किल चल पा रही है।


अन्य पोस्ट