महासमुन्द

शराब फैक्ट्री के सामने अछोली के ग्रामीणों का धरना
28-Jul-2026 2:45 PM
शराब फैक्ट्री के सामने अछोली के ग्रामीणों का धरना

 बारिश में भी डटे रहे आंदोलनकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 जुलाई। अछोली स्थित शराब फैक्ट्री के खिलाफ एक बार फिर आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया तथा फैक्ट्री के सामने ही धरने पर बैठ गए। सडक़ की जर्जर स्थिति, प्रदूषण, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं मिलने तथा शिक्षा सुविधाओं की कमी को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर फैक्ट्री प्रबंधन के विरूद्ध आंवाज बुलंद की। तेज बारिश के बावजूद ग्रामीण यहां डटे रहे।

धरने के दौरान उस समय माहौल और गर्म हो गया, जब बारिश शुरू होने पर स्कूल से लौट रहे बच्चे भीगते रहे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बच्चों को बारिश से बचने के लिए फैक्ट्री परिसर में तत्काल प्रवेश नहीं दिया गया। जिससे लोगों में रोष बढ़ गया। बाद में विरोध के बीच बच्चों को शरण दी गई।

ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिन पूर्व कंपनी प्रबंधन और प्रशासन के साथ हुई बैठक में सडक़ सुधार का आश्वासन दिया गया था। तय समय बीतने के बावजूद सडक़ निर्माण या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं होने से लोगों का भरोसा टूट गया और वे आंदोलन के लिए मजबूर हुए।

इस धरने का मुख्य मुद्दा सडक़ की बदहाली रहा। ग्रामीणों ने बताया कि फैक्ट्री तक पहुंचने वाले मार्ग से रोजाना भारी वाहनों की आवाजाही होती है, जिससे सडक़ जगह-जगह उखड़ चुकी है। बारिश के दिनों में सडक़ दलदल और गड्ढों में तब्दील हो जाती है, जिससे आम लोगों और विद्यार्थियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।

ग्रामीणों ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि गांव में केवल आठवीं तक की पढ़ाई की सुविधा है। इसके बाद विद्यार्थियों को दूसरे गांवों और कस्बों में पढ़ाई के लिए जाना पड़ता है। खराब सडक़ के कारण विशेषकर बरसात में छात्र-छात्राओं को जोखिम उठाकर स्कूल जाना पड़ता है।

ग्रामीणों की मांग है कि वाहनों के अनुरूप मजबूत एवं टिकाऊ पक्की सडक़ का निर्माण, मार्ग पर स्ट्रीट लाइट को व्यवस्था, फैक्ट्री के दूषित पानी की निकासी , मजदूरों और ग्रामीणों के उचित उपचार की व्यवस्था, गांव के तालाबों का सौंदर्याकरण, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल की स्थापना, स्थानीय युवाओं के रोजगार में प्राथमिकता शामिल हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट