महासमुन्द

भारी बारिश का अलर्ट, मोबाइल में बजा सायरन
28-Jul-2026 2:28 PM
भारी बारिश का अलर्ट,  मोबाइल में बजा सायरन

महासमुंद, 28 जुलाई। राज्य के कई जिलों सहित महासमुंद में कल शाम करीब 6 बजे एक साथ अनेक 4जी तथा 5जी मोबाइल फोन ‘बेहद गंभीर चेतावनी’ नोटिफिकेशन के साथ वाइब्रेट करने लगे। यह नोटिफिकेशन सामान्य नोटिफिकेशन से भिन्न था। इससे पहले भी एक-दो बार इसी तरह के सायरन के साथ चेतावनी जारी हुई थी। इस बार भी पहले की ही तरह अत्यंत गंभीर चेतावनी में लिखा था कि अगले 3 घंटों में बलौदाबाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कोरबा, महासमुंद, मुंगेली, रायगढ़, रायपुर, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सरगुजा में कुछ अलग-अलग स्थानों पर मध्यम बारिश के साथ गंभीर गरज-चमक (आंधी-तूफान) आने की संभावना है।

कहा जा रहा है कि ऐसे सायरन से घबराने की जरूरत नहीं है। यह असल में सरकार का ‘सेल ब्रॉडकास्ट अलर्ट’ था, जो बिना इंटरनेट और नेटवर्क जाम के बाद भी लोगों तक पहुंचता है। देश में इस तकनीक को दूरसंचार विभाग, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और सी-डीओटी के सहयोग से विकसित किया गया है। इसके लिए स्वेदशी सचेत प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाता है।


अन्य पोस्ट