महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 जुलाई। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय एक्सीलेंस स्कूल सेजेस तुमगांव में कल एक भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सहायक संचालनालय रायपुर में स्थानांतरित हो रहे देवेंद्र अगलावे सर तथा सेवानिवृत्त हो रहे वरिष्ठ व्याख्याता एल. कुरिल सर, आई.एल. साहू सर एवं एस. जेंद्रे को विद्यालय परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई दी गई।
समारोह की अध्यक्षता प्राचार्य के.आर. साहू ने की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं विद्यालय गीत के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
प्राचार्य के.आर. साहू ने कहा कि देवेंद्र अगलावे विद्यालय के लिए समर्पित रहे हैं। उनका स्थानांतरण सहायक संचालनालय रायपुर में हुआ है, जहां वे अपनी सेवाओं से और अधिक योगदान देंगे। एल. कुरि, आई.एल. साहू एवं एस. जेंद्रे ने वर्षों तक विद्यार्थियों को ज्ञान का प्रकाश दिया है। उनका अनुभव और मार्गदर्शन सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने सभी से कहा कि विद्यालय परिवार सदैव इनके साथ जुड़ा रहेगा और भविष्य में भी संपर्क बनाए रखेगा।
देवेंद्र अगलावे ने कहा कि पीएम श्री सेजेस तुमगांव में बिताए गए दिन उनके जीवन के अमूल्य क्षण हैं। यहां के साथियों, विद्यार्थियों और स्टाफ का सहयोग अविस्मरणीय है। सहायक संचालनालय रायपुर में नई जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए भी वे विद्यालय से जुड़े रहेंगे और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान देते रहेंगे। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।
एल. कुरिल ने कहा कि शिक्षक का सबसे बड़ा पुरस्कार विद्यार्थियों की सफलता है। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे शिक्षा और समाज सेवा से जुड़े रहेंगे। उन्होंने प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ को धन्यवाद दिया।
आई.एल. साहू ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि विद्यालय में बिताए गए वर्ष उनके जीवन का सुनहरा अध्याय हैं। विद्यार्थियों के साथ कार्य करते हुए उन्हें अपार संतुष्टि मिली। उन्होंने सभी सहकर्मियों से अनुरोध किया कि वे निरंतर उत्कृष्टता की ओर बढ़ते रहें।
एस. जेंद्रे ने भावुक होते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक नया अध्याय है। यहां के स्नेह और सम्मान ने उन्हें गौरवान्वित किया है। उन्होंने विद्यालय की उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की।
समारोह में शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक-कर्मचारीगण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।