महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 जुलाई। भगवान श्रीजगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की बहुड़ा रथयात्रा बीती शाम पूरे धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ निकाली गई। शाम करीब 5 बजे जगन्नाथ भवन से प्रारंभ हुई यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा मार्ग जय जगन्नाथ के उद्घोष, उडिय़ा भजनों और हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय बना रहा।
यात्रा के दौरान प्रसिद्ध उडिय़ा भजन ‘केरी केरी सुना दू बो’ की मधुर प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजन की धुन पर श्रद्धालु झूमते रहे और पूरे मार्ग में भक्ति का माहौल बना रहा। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बढ़-द चढक़र भागीदारी निभाई। भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा का रथ मेघ बसंत कॉलोनी, स्टेशन रोड, पुराना गंजपारा, मुख्य मार्ग, नेहरू चौक और गांधी चौक होते हुए श्रीराम जानकी मंदिर पहुंची।
यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने आरती उतारी और गजामूंग का प्रसाद का वितरण किया। श्रीराम जानकी मंदिर पहुंचने पर विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार एवं महाआरती का आयोजन किया गया। इसके साथ ही 15 दिवसीय प्रवास के समापन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम संपन्न हुआ।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि बहुड़ा यात्रा भगवान जगन्नाथ के मौसीबाड़ी से निजधाम लौटने का प्रतीक पर्व है, जिसका विशेष आध्यात्मिक महत्व माना जाता है। यात्रा को व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए समाज के सदस्य कई दिनों से तैयारियों में जुटे हुए थे। भजन-कीर्तन,हरिनाम संकीर्तन और जयघोष से पूरा शहर श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। देर शाम तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही और महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।