महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 जुलाई। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) रायपुर के अधिकारियों के फर्जी दस्तखत और सील लगाकर शासन को गुमराह करने व धोखाधड़ी करने वाले फरार ट्रेलर मालिक को महासमुंद पुलिस ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कानून के शिकंजे से बचने के लिए छत्तीसगढ़ से भागकर पिछले छह वर्षों से पंजाब में छिपा हुआ था। पुलिस की विशेष टीम ने आधुनिक साइबर तकनीक और सर्विलांस का सहारा लेकर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने में सफलता पाई है।
यह मामला वर्ष 2020 का है। खम्हारपाली परिवहन चेक पोस्ट (थाना सिंघोड़ा) में पदस्थ अधिकारी राजेंद्र कुमार बर्मन ने 22 अगस्त 2020 को रायपुर से ओडिशा की ओर जा रहे ट्रेलर क्रमांक सीजी 04 जेडी 1539 को रोककर उसके दस्तावेजों की जांच की थी। जांच के दौरान वाहन का नेशनल परमिट प्रथम दृष्टया संदेहास्पद लगा।
शासन की आधिकारिक वेबसाइट पर परमिट का सत्यापन किया गया। तब बड़ा खुलासा हुआ। प्रस्तुत दस्तावेज छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग द्वारा जारी ही नहीं किया गया था। पुलिस ने आरोपी सतनाम सिंह को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले के सह-आरोपी चालक की तलाश पुलिस अब भी कर रही है।
भनक लगते ही चालक वाहन छोडक़र हो गया था फरार
जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रेलर मालिक और चालक ने मिलकर बाहन के पुराने नेशनल परमिट पर आरटीओं रायपुर की फर्जी सील और अधिकारी के कूटरचित हस्ताक्षर कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए थे। जांच के दौरान धोखाधड़ी का खुलासा होता देख चालक सोनू सिंह गिल वाहन को मौके पर छोडक़र तुरंत फरार हो गया था।
पुलिस पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में आरोपी सतनाम सिंह ने स्वीकार किया कि वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान उसका ट्रेलर चालक सोनू सिंह गिल उर्फ सोहन सिंह (निवासी अमृतसर, पंजाब) चला रहा था। दोनों ने मिलकर आरटीओ की फर्जी सील और दस्तखत के जरिए फर्जी नेशनल परमिट तैयार किया था। इसका उद्देश्य सरकारी जांच से बचना था। अवैध रूप से परिवहन जारी रखना था।
फर्जी दस्तावेजों के जरिए व्यक्तिगत लाभकमाने और शासन को चूना लगाने की रिपोर्ट पर थाना सिंघोड़ा में आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471 और 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामला दर्ज होने की खबर मिलते ही ट्रेलर मालिक सतनाम सिंह रायपुर स्थित अपने निवास से फरार हो गया। पुलिस की टीम दोनों आरोपियों की तलाश में लगातार 5-6 वर्षों से जुटी हुई थी।
मामले में महासमुंद पुलिस की स्पेशल टीम ने सीडीआर एनालिसिस, टेक्निकल डेटा और टावर डंप के आधार पर आरोपी की लोकेशन की सटीक जानकारी जुटाई। लोकेशन ट्रेस होते ही पुलिस की टीम पंजाब रवाना की गई। वहां से आरोपी वाहन मालिक सतनाम सिंह रायपुर को गिरफ्तार कर थाना सिंघोड़ा लाया गया।