महासमुन्द

स्कूल में वन महोत्सव, प्राचार्य संग शिक्षकों-बच्चों ने किया पौधरोपण
25-Jul-2026 3:52 PM
स्कूल में वन महोत्सव, प्राचार्य संग शिक्षकों-बच्चों ने किया पौधरोपण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,25 जुलाई। वेडनर मेमोरियल हायर सेकेंडरी स्कूल में 22 जुलाई को वन महोत्सव के अवसर पर पौधारोपण दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में कक्षा नर्सरी से लेकर 12वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए साथ ही सभी ने इन पौधों की देखभाल करने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शाला के मैनेजर रेव्ह.फादर जार्ज कवालम एवं प्राचार्य रेव्ह.फादर थैनीस राज ने पौधे लगाकर किया। तत्पश्चात छात्रों को संबोधित करते हुए मैनेजर रेव्ह. फादर जार्ज ने कहा कि हर छात्र-छात्रा को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी रक्षा करनी चाहिए। क्योंकि वृक्ष हमारे जीवन का अभिन्न अंग और आधार है।

वर्षों से ही हमें शुद्ध हवा, छाया और जीवन मिलता है। इसलिए हमें इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। इसी क्रम में वरिष्ठ शिक्षिका मिताली जैन ने कह कि पर्यावरण प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग का प्रभाव हाल में ही यूरोप में बढ़े तापमान के रूप में देखा जा सकता है। पौधे लगाना और उनका पोषण करने के साथ-साथ सही ढंग से देखभाल करना हमारी जिम्मेदारी है। कहा कि एक अकेला पौधा भी पर्यावरण को बदल सकता है और आने वाली पीढ़ी के रहने के लिए पृथ्वी को बेहतर जगह बना सकता है।

कार्यक्रम में कक्षा 12वीं की छात्रा मनप्रीत कौर ने भी अपने विचार रखे उन्होंने कहा कि पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है। इसकी रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। हम पेड़ लगाकर और उसकी रक्षा करके प्लास्टिक का उपयोग कम करके, रिसाइकल करके तथा पानी और बिजली बचाकर अपने पर्यावरण का संरक्षण कर सकते हैं। पेड़ लगाने का सबसे अच्छा समय 20 साल पहले था और दूसरा सबसे अच्छा समय आज है। अंत में प्राचार्य रेव्ह.फादर थैनीस राज ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समस्त शिक्षक. शिक्षिकाओं की प्रशंसा की और सभी से पृथ्वी को प्रदूषण मुक्त रखने की अपील की।


अन्य पोस्ट