महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 जुलाई। महासमुंद जिला मुख्यालय स्थित बीटीआई रोड (गौरव पथ) पर बरोंडा चौक से कलेक्टोरेट तक सडक़ की स्थिति जर्जर होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि इस मार्ग से प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का नियमित आवागमन होता है। इस रास्ते ठीक भाजपा कार्यालय के सामने सडक़ पर 50 से ज्यादा गड्ढे हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा बारिश से पूर्व सडक़ निर्माण एवं मरम्मत का कार्य पूर्ण नहीं किए जाने के कारण वर्तमान में सडक़ पर पानी जमा हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जलभराव के कारण गड्ढों की गहराई का अनुमान लगाना कठिन होता है, जिससे दोपहिया वाहनों के फिसलने और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
सडक़ के रखरखाव को लेकर पूर्व में समय-समय पर गिट्टी और मुरुम डालने का कार्य किया गया था, किंतु बारिश के पानी में सामग्री बह जाने से समस्या बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मार्ग की स्थायी मरम्मत कराने का आग्रह किया है।