महासमुन्द

पिथौरा जनपद सीईओ का तबादला, विदाई समारोह आयोजित
20-Jul-2026 3:45 PM
पिथौरा जनपद सीईओ का तबादला, विदाई समारोह आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 20 जुलाई। जनपद पंचायत पिथौरा की सीईओ योगेश्वरी बर्मन का बिलाईगढ़ स्थानांतरण हो जाने पर पंचायत प्रतिनिधियों एवं कार्यालयीन कर्मचारियों द्वारा एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

जनपद सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, सरपंच संघ के अध्यक्ष सतपाल सिंह छाबड़ा, वरिष्ठ जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे, कवलजीत सिंह छाबड़ा, सरपंच संघ की उपाध्यक्ष शशिकला पटेल और पवन कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

सीईओ योगेश्वरी बर्मन ने पिथौरा जनपद में अपने कार्यकाल को स्वर्णिम बताया। उन्होंने कहा कि यहाँ जनप्रतिनिधियों एवं शासकीय कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल है, जिससे विकास कार्यों में सहयोग मिला। कार्यकाल छोटा होने के बावजूद यह अनुभव के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने सहयोग के लिए सभी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

जनपद अध्यक्ष उषा पुरुषोत्तम धृतलहरे ने कहा कि सीईओ के रूप में श्रीमती बर्मन ने विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए मेहनत की और रणनीति तैयार कर उसे अमलीजामा पहनाया, जो कि अनुकरणीय है। उनकी कर्मठता और सजगता से प्रशासनिक कसावट आई थी।

उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने कहा कि 7 महीने के अल्प कार्यकाल में उन्होंने लोकप्रियता हासिल की, जो उनके कुशाग्र व्यक्तित्व का परिचायक है।

वह सरकारी तंत्र और जनप्रतिनिधियों के बीच एक सेतु के रूप में कार्य करती रहीं।

 

सरपंच संघ के अध्यक्ष सतपाल सिंह छाबड़ा ने श्रीमती बर्मन के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरपंचों को उनका सकारात्मक मार्गदर्शन और प्रशासकीय सहयोग निरंतर मिलता रहा। इसके साथ ही जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे, कवलजीत सिंह छाबड़ा, सरपंच पवन साहू, एडिशनल सीईओ डी.एल. बरिहा, सचिव संघ के संरक्षक पुनीत सिन्हा और कृष्ण कुमार चौहान ने भी श्रीमती बर्मन के कार्य कौशल की सराहना की।

 

कार्यक्रम में स्वागत भाषण एडिशनल सीईओ डी.एल. बरिहा ने दिया तथा आभार प्रदर्शन सुशील कुमार चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर दिनेश दीक्षित, गुलाब श्यामल, सुभाष प्रधान, लोकेश नवरंगे, यशवंत ध्रुव, राजकुमार दीवान, विनय गार्डया, चित्रसेन बारीक, लेखराम जगत, सूर्यदेव तिवारी एवं सुखसागर जगत सहित जनपद पंचायत के सभी कर्मचारी एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट