महासमुन्द

विशेष लोक अदालत में 42 प्रकरणों का निराकरण, पौने 2 करोड़ का अवार्ड पारित
20-Jul-2026 3:37 PM
विशेष लोक अदालत में 42 प्रकरणों का निराकरण, पौने 2 करोड़ का अवार्ड पारित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 जुलाई। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम के मामलों से संबंधित विशेष लोक अदालत का आयोजन शनिवार को किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण महासमुंद के प्रभारी सचिव एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना ठाकुर ने जानकारी दी है कि परक्राम्य लिखत अधिनियम अर्थात चेक अनादर संबंधित बढ़ती लंबित मामलों के निराकरण करने के उद्देश्य से 18 जुलाई को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिता डहरिया के मार्गदर्शन में लोक अदालत का आयोजन किया गया।

उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय एवं तालुका स्थित न्यायालयों सहित कुल 10 खंडपीठों का गठन कर तथा प्रत्येक खंडपीठ में एक-एक सुलहकर्ता सदस्यों की नियुक्ति कर धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम के तहत संस्थित मामलों का सुलह एवं समझौते के आधार पर निराकरण किया गया। इस प्रकार चेक अनादर व चेक बाउसिंग पर अधारित आयोजित विशेष लोक अदालत में कुल 42 प्रकरणों का निराकरण करते हुए एक करोड़ 81 लाख 87 हजार 947 रुपए का अवार्ड पारित किया गया है।                                          गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर द्वारा जारी निर्देशानुसार राज्य के समूचे जिला एवं तालुका स्थित न्यायालयों में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया जिसमें मुख्यत: धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम के मामले रखे गए थे। यह धारा चेक के अनादृत या बाउंस होने की स्थिति में आपराधिक दायित्व निर्धारित करती है। अधिनियम की धारा 138 में यह प्रावधान है कि यदि कोई चेक किसी व्यक्ति चेक जारीकर्ता द्वारा किसी अन्य व्यक्ति प्राप्तकर्ता के पक्ष में जारी किया जाता है और चेक जारीकर्ता के बैंक खाते में अपर्याप्त धनराशि के कारण अनादृत हो जाता है, तो ऐसे जारीकर्ता को अपराध का दोषी माना जाता है। इस अपराध के लिए दंड और चेक की राशि के दोगुने तक का जुर्माना हो सकता है।


अन्य पोस्ट