महासमुन्द

शराब पीकर वाहन चलाने पर 10 हजार अर्थदंड
20-Jul-2026 2:49 PM
शराब पीकर वाहन चलाने पर 10 हजार अर्थदंड

मोबाइल पर बात करते गाड़ी चलाते 13 पर कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 जुलाई। यातायात पुलिस महासमुंद द्वारा ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। विगत एक सप्ताह के दौरान चलाए गए सघन जांच अभियान में यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की गई। इस अवधि में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 929 चालकों के विरुद्ध ई.चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 4 .लाख 64 हजार 500 रुपए का समन शुल्क जारी किया गया।

इसी प्रकार तेज गति से वाहन चलाने वाले 13 चालकों पर 15 से 20 हजार 500 रुपए, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 10 चालकों पर 5 हजार रुपए तथा वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वाले 5 चालकों पर 1500 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। अवैधानिक रूप से सडक़ पर खड़े 29 वाहनों पर नो पार्किंग की कार्रवाई कर 10 हजार 600 रुपए तथा प्रेशर हार्न का उपयोग करने वाले एक वाहन पर 2 हजार रुपए का समन शुल्क जारी किया गया। वहीं शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले एक वाहन चालक को न्यायालय द्वारा 10 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया गया। इसके अतिरिक्त वाहन संबंधी दस्तावेजों एवं अन्य कारणों से 41 वाहनों के विरुद्ध 12 हजार 400 रुपए का समन शुल्क लगाया गया।  इस अभियान के दौरान प्रतिदिन शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में फिक्स चेकिंग पॉइंट स्थापित कर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की जांच की जा रही है। सिर्फ  दंडात्मक कार्रवाई ही नहीं बल्कि जनजागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया है। यातायात पुलिस एवं विभिन्न थानों के माध्यम से जिले भर में यातायात नियमों एवं नशामुक्ति को लेकर 15 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।  इन कार्यक्रमों के माध्यम से 2 हजार से अधिक लोगों को सडक़ सुरक्षा, हेलमेट की और सीट बेल्ट के महत्व तथा नशे में वाहन न चलाने के दुष्परिणामों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जागरूकता और सख्ती के संयुक्त प्रयासों से पिछले सप्ताह की तुलना में इस सप्ताह सडक़ दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आई है।


अन्य पोस्ट