महासमुन्द
महासमुंद, 20 जुलाई। जिला अस्पताल सह मेडिकल कॉलेज महासमुन्द में संचालित अटल आरोग्य लैब का निरीक्षण छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने किया। इस दौरान लैब इंचार्ज भागवत चन्द्राकर से रक्त परीक्षण मशीनों की जानकारी ली गई जिसमें बताया गया कि अटल आरोग्य लैब में आधुनिक एवं अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से मरीजों के लिए 134 प्रकार की पैथोलॉजी जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। लैब में विभिन्न प्रकार की जांच उच्च गुणवत्ता के साथ की जा रही हैं। बताया गया कि अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित इस लैब में जांच प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है। जांच पूर्ण होने के बाद मरीजों की रिपोर्ट सीधे उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही मरीज अपनी जांच रिपोर्ट व्हाट्सएप के माध्यम से भी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
जिससे उन्हें रिपोर्ट लेने के लिए बार.बार अस्पताल आने की आवश्यकता नहीं पड़ती। यह सुविधा समय की बचत करने के साथ-साथ मरीजों को त्वरित एवं सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है।
अटल आरोग्य लैब जिला समन्वयक भोगदत्त वर्मा ने बताया कि इन आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से मरीजों को कम समय में सटीक, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण जांच रिपोर्ट उपलब्ध हो रही है। जिससे चिकित्सकों को समय पर उचित उपचार शुरू करने में सहायता मिल रही है। अटल आरोग्य लैब की यह पहल जिले के नागरिकों को बेहतर, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
श्री चंद्राकर ने अस्पताल अधीक्षक डॉ बसंत माहेश्वरी से भेंटकर सभी मरीजों का गुणवत्तापूर्ण इलाज हो इस पर चर्चा किया। इस दौरान भाजयुमो जिला अध्यक्ष अमन वर्मा, निगम अध्यक्ष प्रतिनिधि नंदू जलक्षत्री, डॉ सोनल चन्द्राकर सहित लैब प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे।