महासमुन्द
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 19 जुलार्ई। मौसम विभाग द्वारा क्षेत्र में आगामी दिनों के लिए भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद नगर पालिका परिषद ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहित समस्त संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए हैंए ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि बारिश के दौरान नगर के किसी भी क्षेत्र में जलभराव, नालियों के अवरुद्ध होने या नागरिकों को असुविधा होने की स्थिति उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा सफाई विभाग, स्वच्छता निरीक्षकों एवं मैदानी कर्मचारियों को कार्यालयीन आदेश जारी कर नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नगर के ऐसे क्षेत्रों की विशेष पहचान की गई है, जहां पूर्व में जलभराव की समस्या सामने आती रही है। इन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यकता पडऩे पर अतिरिक्त सफाई कर्मी, पंप एवं अन्य संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएंगे। सभी कर्मचारियों को अपने.अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय रहकर किसी भी शिकायत का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों में प्रशासन और नागरिकों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे घरों एवं दुकानों का कचरा नालियों में न डालें, जिससे जल निकासी बाधित न हो। यदि कहीं जलभराव, नाली जाम या अन्य समस्या दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल नगर पालिका को दें, ताकि बिना विलंब आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
श्री साहू ने कहा कि नगर पालिका का पूरा अमला 24 घंटे सतर्क है और नागरिकों की सुरक्षा, स्वच्छता तथा सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। नगर पालिका परिषद ने सभी नागरिकों से अपील की है कि भारी वर्षा के दौरान अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित रहकर नगर पालिका का सहयोग करें।