महासमुन्द

ओडिशा से गांजा यूपी ले जाते 2 बंदी
19-Jul-2026 5:28 PM
ओडिशा से गांजा यूपी ले जाते 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 19 जुलाई। कार के इंजन, बोनट और डिक्की में छिपाकर 31.540 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती 15 लाख,77 हजार रुपए बरामद कर दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से गांजा परिवहन में प्रयुक्त वाहन, 2  मोबाइल सहित कुल 20 लाख 52 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। मूलत: यूपी निवासी इन आरोपियों की योजना ओडि़शा के नुआपाड़ा से गांजा खरीदकर यूपी में खपाने की योजना थी।

थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर एक सफेद रंग की कार में 2 व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा परिवहन कर रहे हैं। मिली सूचना की तस्दीक करते हुए जवान तैनात थे।

नाकेबंदी के दौरान उन्होंने सूचना के अनुसार थाना के सामने से आते कार को रोका और कार सवार से उनका नाम पता पूछा। इस पर कार सवार दोनों ने अपना नाम पंकज उदैनिया यूपी हाल मुकाम रायपुर तथा अभय नागर यूपी बताया।

पूछताछ में आरापियों ने कार के इंजन, बोनट और डिक्की में छिपाकर गांजा तस्करी की बात कबूल की। कार की तलाशी में 31.540  किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया। इस गांजा को नुआपाड़ा ओडिशा से खरीदकर उत्तरप्रदेश में खपाने की बात कही। कार में रखे गांजे को बरामद कर दोनों आरोपियों के विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट पंजीबद्ध कर जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट