महासमुन्द

जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा महासमुंद, रथ खींचने उमड़े भक्त
17-Jul-2026 4:25 PM
जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा महासमुंद, रथ खींचने उमड़े भक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17 जुलाई। गुरुवार को भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के बीच निकाली गई। शहर के श्रीराम मंदिर से दोपहर करीब 2 बजे मंगल आरती और विशेष पूजा-अर्चना के बाद भगवान सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। रथयात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में जय जगन्नाथ के जयघोष गूंजते रहे।

               रथयात्रा से पूर्व सुबह श्रीराम मंदिर में भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा का विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर को आकर्षक सजावट से सजाया गया। भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में जुटने लगी थी। पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात दोपहर में भगवान को रथ पर विराजित किया गया। जैसे ही रथ मंदिर परिसर से बाहर निकला, जयकारों के साथ पुष्पवर्षा होने लगी। रथयात्रा में पारंपरिक वाद्य यंत्रों, ढोल नगाड़ों, झांझ-मंजीरों और भजन मंडलियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कई श्रद्धालु रथ खींचकर ले जाते हुए और गजामूंग का प्रसाद पाते देखे गये।

यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा भगवान की आरती उतारी गई तथा स्वागत द्वार बनाए गए थे। इस वर्ष रथयात्रा का एक विशेष आकर्षण 5.30 क्विंटल गजमूंग प्रसाद का वितरण रहा। रथ के साथ चल रहे स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को लगातार प्रसाद वितरित किया। प्रसाद प्राप्त करने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई भक्त रथ की ओर रुमाल, गमछा तथा अन्य कपड़े उछालकर प्रसाद प्राप्त करने का प्रयास करते रहे। मार्ग भर गजामूंग प्रसाद वितरण का क्रम लगातार चलता रहा।  स्थयात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष प्रबंध किए गए थे। प्रमुख चौक-चौराहों एवं यात्रा मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा। नगर पालिका तथा मंदिर समिति के स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालने में सक्रिय रहे। धार्मिक मान्यता के अनुसार स्नान पूर्णिमा के बाद भगवान जगन्नाथ के अस्वस्थ होने पर अनासार काल में विशेष उपचार किया जाता है। उपचार पूर्ण होने के बाद नेत्रदर्शन और नवयौवन दर्शन के पश्चात भगवान रथयात्रा पर निकलते हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए इस वर्ष भी महासमुंद में श्रद्धा और आस्था के साथ रथयात्रा निकाली गई।


अन्य पोस्ट