महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 17 जुलाई। पिथौरा नगर में भक्ति और उल्लास के साथ महाप्रभु जगन्नाथ की रथयात्रा निकाली गई। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। महाप्रभु के दर्शन के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों सहित नगर के नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचे। रथयात्रा के भ्रमण मार्ग पर पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के प्रबंध किए गए थे, जिसके चलते मुख्य मार्ग पर कोई अप्रिय घटना दर्ज नहीं हुई। इसके अतिरिक्त, इस वर्ष नगर में दो स्थानों पर मीना बाजार का आयोजन किया गया, जहाँ बच्चों और महिलाओं ने झूलों और विभिन्न स्टॉल्स का लाभ लिया।
यातायात और हुड़दंग को लेकर परेशानी
आयोजन के दौरान नगर में कानून-व्यवस्था और यातायात से जुड़ी कुछ शिकायतें भी सामने आईं। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नागरिकों के अनुसार, पर्व के दौरान कुछ युवकों द्वारा मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित रफ्तार से दुपहिया वाहन चलाए जाने के कारण छोटी-मोटी दुर्घटनाएं हुईं। अत्यधिक भीड़ होने और वाहन चालकों के मौके से तुरंत निकल जाने के कारण इन घटनाओं की औपचारिक रिपोर्ट पुलिस में दर्ज नहीं कराई जा सकी। स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम के समय मुख्य मार्गों पर कुछ हुड़दंगी तत्वों की सक्रियता के कारण आवागमन में आम नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
करंट से एक घायल, धारदार हथियार के साथ युवक गिरफ्तार मीना बाजार परिसर से दो प्रमुख घटनाएं सामने आईं। मीना बाजार में लगे एक झूले की सुरक्षा जाली में तकनीकी खराबी के कारण करंट आ गया। इसकी चपेट में आने से एक नागरिक, राजेश साहू, घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया।
परिसर में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात स्थानीय पुलिस के उपनिरीक्षक दिलीप ठाकुर ने मीना बाजार के भीतर एक बड़ा चाकू (खुखरी) लेकर घूम रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ वैधानिक दंडात्मक कार्रवाई की है।