महासमुन्द
हाईकोर्ट ने जनहित याचिका के रूप में लिया था संज्ञान, अगली सुनवाई 15 अक्टूबर को
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 जुलाई। महासमुंद जिले के भंवरपुर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में 12वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान सामूहिक नकल कराने के गंभीर मामले में प्रशासन द्वारा कड़ी विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले में 4 शिक्षक और एक चपरासी को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए चार्जशीट (आरोप पत्र) जारी की गई है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव द्वारा प्रस्तुत शपथ पत्र पर सुनवाई करते हुए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की डिवीजन बेंच ने अगली सुनवाई के लिए 15 अक्टूबर की तिथि निर्धारित की है।
उल्लेखनीय है कि मीडिया में प्रकाशित खबरों के आधार पर उच्च न्यायालय ने इस मामले का स्वत: संज्ञान लिया था, जिसे बाद में जनहित याचिका के रूप में स्वीकार कर नियमित सुनवाई की जा रही है।
छात्रा ने लगाया था उत्तर बोलकर लिखवाने का आरोप
यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया , जब 12वीं कक्षा की छात्रा नीता जगत ने परीक्षा केंद्र के भीतर कथित रूप से हो रही अनियमितताओं को उजागर किया। छात्रा का आरोप था कि भौतिकी, रसायन और गणित जैसे मुख्य विषयों की परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात शिक्षक विद्यार्थियों को प्रश्नों के उत्तर बोल-बोलकर लिखवा रहे थे। इसके अलावा परीक्षा केंद्र में मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध नहीं था और परीक्षार्थी व शिक्षक नियमों का उल्लंघन कर परीक्षा हॉल में मोबाइल का उपयोग कर रहे थे।
शिकायत करने पर मानसिक
प्रताडऩा का आरोप
पीडि़त छात्रा का आरोप है कि जब उसने इस सामूहिक नकल का विरोध किया और परीक्षा केंद्राध्यक्ष से लिखित शिकायत की, तो उसे राहत देने के बजाय चुप रहने की धमकी दी गई। छात्रा ने आरोप लगाया कि उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त किया गया और उसकी डेस्क पर पहले से लिखी हुई सामग्री छोडक़र उसे ही नकल के झूठे मामले में फंसाने की कोशिश भी की गई। विरोध करने पर उसकी सीट भी बदल दी गई थी। छात्रा ने भंवरपुर केंद्र की परीक्षा निरस्त कर दोबारा परीक्षा आयोजित करने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई थी।
इन 5 कर्मचारियों को जारी की गई चार्जशीट
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति रवींद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच के समक्ष स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव ने जो शपथ पत्र पेश किया है, उसके अनुसार जांच के उपरांत निम्नलिखित कर्मचारियों को चार्जशीट जारी की गई है-गंगा प्रसाद पटेल (व्याख्याता), अनिरुद्ध आलोक भोई (व्याख्याता), दिनेश कुमार दास (व्याख्याता), दुर्गा प्रसाद पटेल (सहायक शिक्षक, एलबी), विजिया बुडेक (चपरासी)।
विभाग द्वारा सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित समयावधि के भीतर अपना स्पष्टीकरण (जवाब) प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है, जिसके बाद नियमानुसार विभागीय जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
हाईकोर्ट ने मांगा व्यक्तिगत शपथ पत्र
सुनवाई के दौरान डिवीजन बेंच ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल शिक्षा सचिव को एक और व्यक्तिगत शपथ पत्र दाखिल करने का आदेश दिया है। इस नए शपथ पत्र में विभाग को इन पांचों आरोपियों के खिलाफ चल रही विभागीय जांच की वर्तमान प्रगति और अब तक की गई दंडात्मक कार्रवाई की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।