महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुद,16 जुलाई। काले चावल के अंतरराष्ट्रीय व्यापार का झांसा देकर महासमुंद की एक ऑर्गेनिक फर्म से 28 लाख 47 हजार 600 रुपए की साइबर ठगी करने वाले मामले में चार वर्ष से फरार आरोपी को महासमुंद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नई दिल्ली का निवासी है और उसके खिलाफ थाना महासमुंद में वर्ष 2022 से मामला दर्ज था। इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना महासमुंद के अपराध क्रमांक 362-2022 में धारा 420,419, 120.बी 34 भादवि तथा 66.डी आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता अनुपमा सेन, निवासी आशीर्वाद कॉलोनी लभराखुर्द, सेन एंड सेन ऑर्गेनिक फर्म की संचालक हैं। उनके पुत्र अमत्र्य सेन फर्म के प्रबंधक हैं, जो ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से काले चावल का व्यापार करते हैं। वर्ष 2022 में फर्म द्वारा इंटरनेट के माध्यम से खरीदारों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने स्वयं को ग्लोबल ट्रेड बाजार दिल्ली का कर्मचारी बताकर संपर्क किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खरीदार उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए लिंक भेजकर ट्रेडिंग रजिस्ट्रेशन के नाम पर विभिन्न किश्तों में 68 हजार रुपए जमा कराए। इसके बाद आरोपियों ने फर्जी खरीदारों से संपर्क करवाया और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए ईजीसी, एनओसी, ग्लोबल ट्रेड सर्टिफिकेट, सीएसडीई सिस्टम पंजीकरण समेत विभिन्न प्रमाण-पत्रों की आवश्यकता बताई। आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में राशि जमा कराने के लिए दबाव बनाया।
इस दौरान दिव्य कम्युनिकेशन के नाम से संचालित खाते में 18 लाख 30 हजार रुपए तथा फेडरल बैंक के खाते में 9 लाख 4 हजार रुपए सहित कुल 28 लाख 47 हजार 600 रुपए जमा कराए गए। बाद में भेजे गए सभी प्रमाण-पत्र, ट्रेडिंग दस्तावेज और पंजीयन कागजात जांच में पूरी तरह फर्जी पाए गए। ठगी का खुलासा होने पर पीडि़त पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। विवेचना के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपियों ने संगठित षड्यंत्र के तहत फर्जी खरीदार और फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेकर रकम ऐंठी थी। जांच में आरोपी अंकित तोमर की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उसे पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है। वहीं मामले का दूसरा आरोपी आकाश शर्मा लगातार फरार चल रहा था। पुलिस की लगातार पतासाजी के बाद 14 जुलाई को उसे नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके बैंक खाते का उपयोग ठगी की रकम प्राप्त करने और अन्य आरोपियों तक धनराशि पहुंचाने के लिए किया गया था। पुलिस जांच जारी है।