महासमुन्द

मांगों को लेकर रसोइया संघ का आंदोलन, सौंपा ज्ञापन
14-Jul-2026 7:55 PM
मांगों को लेकर रसोइया संघ का आंदोलन, सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 14 जुलाई। मध्यान्ह भोजन रसोइया महासंघ छत्तीसगढ़ के बैनर तले महासमुंद जिले की रसोइयों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर कल लोहिया चौक में धरना-प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन सुबह दस बजे से प्रारंभ होकर दोपहर दो बजे तक चला। जिसमें जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में रसोइये शामिल हुईं। धरना स्थल पर उपस्थित सभी महिलाओं ने एक स्वर में सरकार के खिलाफ  नारेबाजी की और अपनी मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मिड डे मील योजना के अंतर्गत स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक और गर्म भोजन उपलब्ध कराने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी रसोइयों पर ही है। प्रतिदिन समय पर आना बच्चों,खाना बनाना,बच्चों को भोजन परोसना और साफ सफाई का कार्य पूरी निष्ठा केसाथ करती हैं। लेकिन वर्षों की सेवा के बावजूद आज भी उन्हें अत्यंत अल्प मानदेय मिल रहा है। जिससे उनके परिवार का भरण पोषण करना दिन प्रतिदिन कठिन होता जा रहा है। महंगाई के इस दौर में वर्तमान मानदेय से घर चलाना संभव नहीं रह गया है।

धरना प्रदर्शन के पश्चात दो बजे लोहिया चौक से रैली निकाली गई। रैली में शामिल सभी रसोइये हाथों में बैनर तख्तियां और संघ के झंडे लेकर पैदल मार्च करती हुई कलेक्ट्रेट पहुंची। कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने मध्यान्ह भोजन रसोइया महासंघ छत्तीसगढ़ की प्रदेश अध्यक्ष नीलू औगरे के नेतृत्व में डिप्टी कलेक्टर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांगों को शीघ्र शासन तक पहुंचाने और सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। ज्ञापन के माध्यम से रसोइया बहनों ने अपनी प्रमुख चार मांगें सरकार के समक्ष रखी।

प्रदेश अध्यक्ष नीलू ओगरे ने कहा कि रसोइया बहनें वर्षों से न्यूनतम मानदेय में कार्य कर रही है। अल्प वेतन में जीवन यापन कठिन हो गया है। सरकार हमारी विवशता को नहीं समझ रही है। सरकार द्वारा की गई घोषणाओं को अब जमीन पर उतारने का समय आ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप देकर प्रदेश स्तर पर उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

कहा कि चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादे के अनुसार रसोइयों को 50 प्रतिशत मानदेय दिए जाने की है। मध्यान्ह भोजन रसोईया महासंघ के आंदोलन को पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ.रश्मि चंद्राकर ने धरना स्थल पहुंचकर किया। धरना स्थल पर उपस्थित रसोईयों को संबोधित करते हुए डॉ.रश्मि चंद्राकर ने कहा कि स्कूलों में बच्चों को भरपेट भोजन कराने वाले रसोईया भाई-बहनों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ. रश्मि चंद्राकर के साथ गुरमीत चावला शहर अध्यक्ष, निर्मल जैन शहर महामंत्री, सोमेश दवे जिला महामंत्री, सोनम रामटेके शहर अध्यक्ष महिला कांग्रेस, लीलू साहू शामिल रहे।

 


अन्य पोस्ट