महासमुन्द

राम मंदिर चढ़ावा अनियमितता के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, निकाली रैली
14-Jul-2026 7:43 PM
राम मंदिर चढ़ावा अनियमितता के खिलाफ  कांग्रेस का प्रदर्शन, निकाली रैली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 14 जुलाई। अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा घोटाले में भाजपा-आरएसएस की चुप्पी के खिलाफ  महासमुंद में कल कांग्रेस का विशाल विरोध प्रदर्शन हुआ। कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव के नेतृत्व में रैली निकाली गई। उन्होंने कहा कि कहा-करोड़ों सनातनियों की आस्था के साथ छल हुआ है, इसे कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। राम मंदिर के चढ़ावे में हुए गबन पर भाजपा, आरएसएस और विहिप की चुप्पी उनकी संलिप्तता को उजागर करती है।

प्रदर्शन में पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर,सरायपाली विधायक चातुरी नंद, शहर अध्यक्ष गुरमीत चावला, जिला प्रभारी महामंत्री हरदेव ढिल्लो, जनपद अध्यक्ष केशव चंद्राकर, शहर महामंत्री निर्मल जैन, खिलावन साहू, अन्नू चन्द्राकर समेत सैकड़ों लोग शामिल थे।

महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी ने सडक़ पर उतरकर इसका उग्र विरोध प्रदर्शन किया। महासमुंद जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं खल्लारी विधानसभा के विधायक द्वारकाधीश यादव के नेतृत्व में आयोजित इस विशाल विरोध प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

विरोध प्रदर्शन की शुरुआत स्थानीय कांग्रेस भवन से हुई, जहां सैकड़ों की तादाद में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों और व्यस्त बाजारों से होकर गुजरी। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर मंदिर ट्रस्ट की, कथित वित्तीय अनियमितताओं पर भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तथा विश्व हिंदू परिषद विहिप की रहस्यमयी चुप्पी के खिलाफ  जमकर नारेबाजी की।

बाजार भ्रमण करते हुए कांग्रेस की यह रैली महासमुंद स्थित ऐतिहासिक श्रीराम मंदिर पहुंची। यहां विधायक द्वारकाधीश यादव सहित सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर दर्शन के पश्चात यह रैली पुन: शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए वापस कांग्रेस भवन पहुंची।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए खल्लारी विधायक व जिला अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने भाजपा और उसके अनुषांगिक संगठनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के प्रति देश के करोड़ों गरीबों, वंचितों और आम नागरिकों की अटूट आस्था है। लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई का अंश मंदिर निर्माण के लिए दान किया था। लेकिन आज उस पवित्र दान और चढ़ावे में सुनियोजित तरीके से गबन और लूट की जा रही है। सबसे शर्मनाक बात यह है कि खुद को धर्म का रक्षक बताने वाली भाजपा, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद इस महाघोटाले पर पूरी तरह मौन हैं। उनकी यह चुप्पी साबित करती है कि इस लूट में कहीं न कहीं उनकी मूक सहमति या संलिप्तता है।

उन्होंने आगे कहा कि जनता के पैसे और आस्था की इस लूट के खिलाफ  कांग्रेस ईंट से ईंट बजा देगी और जब तक इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होकर दोषियों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक यह आंदोलन थमने वाला नहीं है। इस रैली और विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधि, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट