महासमुन्द

महिला सरपंच से ब्लैकमेलिंग का आरोप, दो के खिलाफ जुर्म
12-Jul-2026 6:52 PM
महिला सरपंच से ब्लैकमेलिंग का आरोप, दो के खिलाफ जुर्म

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 12 जुलाई। महासमुंद जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत खट्टी की महिला सरपंच अनीता मेहरा द्वारा 10 लाख रुपए की अवैध मांग का गंभीर आरोप पर कोतवाली पुलिस ने दो कथित पत्रकारों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि दोनों आरोपियों को न्यायालय से जमानत पर छोड़ दिया गया है लेकिन मामले की जांच जारी है।

सरपंच का आरोप है कि रकम देने से इनकार करने पर उन्हें धमकाया गया। सोशल मीडिया पर उनकी फ ोटो का दुरुपयोग किया गया और चरित्र पर लांछन लगाते हुए झूठी खबरें प्रसारित की गईं। सरपंच का आरोप है कि दोनों ने बहुत से जनप्रतिनिधियों और सरपंचों से भी इस तरह की ब्लैकमेलिंग की है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई हो। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मयंक गुप्ता एवं मनोज गिरी गोस्वामी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।

महासमुंद टी आई राजीव नाहर के मुताबिक सरपंच अनीता मेहरा ने 10 जुलाई को थाने में लिखित शिकायत की। शिकायत के मुताबिक घटना 24 जून समय दोपहर करीब 1 बजे की है जब ग्राम पंचायत भवन में शासकीय ग्राम सभा चल रही थी। इसी बीच मयंक गुप्ता और मनोज गिरी गोस्वामी वहां पहुंचे।

सरपंच के मुताबिक दोनों खुद को पत्रकार कहते हुए अनाधिकृत रूप से आए थे। ग्राम सभा के बीच दोनों ने विकास कार्यों में आर्थिक गड़बड़ी के झूठे आरोप लगाए। सरपंच पर तत्काल पक्ष रखने का दबाव बनाया।

शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद दोनों ने सरपंच को एक तरफ  अकेले में बुलाया और 10 लाख रुपए की डिमांड करते हुए बदनामी से बचने की शर्त रखी।

रकम नहीं देने पर भ्रामक खबरें फैलाने की भी धमकी दी और करियर बर्बाद करने की बात कही। सरपंच ने इसका विरोध किया तो देख लेने की धमकी दी फि र वहां से चले गए। सरपंच के अनुसार उसी दिन सोशल मीडिया पर दोनों ने आपत्तिजनक सामग्री डाली जिसमें उनकी फ ोटो का अवैध उपयोग किया। अपमानजनक टिप्पणियां और बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी तस्वीरों व सामग्री का उपयोग कर लगातार पोस्ट प्रसारित किए गए जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।

सरपंच की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 308 तथा 351-3 के तहत जबरन वसूली और आपराधिक धमकी का अपराध पंजीबद्ध कर मयंक गुप्ता तथा मनोज गिरी गोस्वामी दोनों महासमुंद निवासी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जमानत पर छोड़ दिया गया है। मामले में जांच जारी है।


अन्य पोस्ट