महासमुन्द

डिजिटल अरेस्ट, 34 लाख की ठगी, दो को 3-3 साल कैद
11-Jul-2026 4:38 PM
डिजिटल अरेस्ट, 34 लाख की ठगी,  दो को 3-3 साल कैद

साइबर ठगी के आरोपियों को पुलिस ने आंध्र व कर्नाटक से दबोचा था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 जुलाई।
दस दिन डिजिटल अरेस्ट में रखकर 34 लाख की साइबर ठगी के 2 आरोपियों को कोर्ट ने 3-3 साल की सजा सुनाई है।

ग्राम बीकेबाहरा निवासी हेमलता साहू को दस दिन डिजिटल अरेस्ट कर करीब 34 लाख रुपयों की धोखाधड़ी के मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना ठाकुर ने मात्र 9 माह में सुनवाई पूरी करते हुए रविपति राजेश कुमार श्रीहरि आंध्र प्रदेश तथा शिवा राजू अन्केगोडा कर्नाटक को 3-3 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। इन पर आरोप था कि इन्होंने वीडियो कॉल कर रिजर्व बैंक का मनी लांड्रिंग संबंधी फर्जी नोटिस भेज कर प्रार्थिया को डराया था। 

अभियोजन पक्ष से मिली जानकारी के अनुसार 8 जुलाई 2025 को अभियुक्त ने अनेक बार वीडियो कॉल कर डराया धमकाया। कॉल करने वाले ने 8 जुलाई को अपने आपको क्राइम ब्रांच कोलाबा थाना मुंबई का साइबर क्राइम अफसर बताते हुए वॉटसएप पर भारतीय रिजर्व बैंक का मनी लॉडिंग संबंधी फर्जी नोटिस भेजकर बताया कि कुछ संदिग्ध एटीएम कार्ड पकड़े गये हैं। जिनमें से एक कार्ड आपके नाम से भी है। यह भी बताया कि उनके खाते में 9 करोड़ रुपए जमा हैं। बाद में दूसरे मोबाइल नंबर से पुलिस यूनिफार्म पहने अभियुक्त ने हेमलता को गिरफ्तार करने की धमकी दी तथा सही जानकारी देने पर सहयोग करने का भरोसा दिलाया। 

 

 

हेमलता उनकी बातों में आकर डर गई। उसके बाद बैंकों और वहां जमा राशि की जानकारी उन्हें देती चली गई। किसी और को बताने पर उनके पुत्र व पति को गिरफ्तार करने का भय दिखाया गया। उसे पुलिस स्टेशन कोरबा बुलाया गया, लेकिन हेमलता ने मना कर दिया। बिलासपुर में बैंक खाता होने की जानकारी देने पर अभियुक्तों ने उसे बिलासुपर जाने कहा। वहां जाने के बाद 11 जुलाई को एफडी तुड़वाकर ठगों के बताए खातों में 3 किश्तों में 9लाख, 49 हजार 734 रुपए उसने अभियुक्तों के बताये खाते पर ट्रांसफर कर दिये। 

प्रार्थिया के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने म्युच्युअल फंड तथा बिरला सन लाइफ  में निवेश की जानकारी भी दी। बारी-बारी से उसने म्युच्युअल फंड के 19 लाख 44 हजार 869 तथा 5लाख 28 हजार 605 रुपए भी ट्रांसफर करा दिये। कुल 33 लाख, 99 हजार 734 रुपए ट्रांसफर कराये गये। उसे आश्वस्त किया गया कि पूरी रकम रिजर्व बैंक के जरिये वापस आ जाएगी और गिरफ्तारी भी नहीं होगी। उसके बाद उसे वाट्सएप पर एक पत्र भेजा गया। जिस पर लिखा था आप को बरी कर दिया गया है।

तत्कालीन कोतवाली टीआई शरद दुबे ने 14 माह में विवेचना पूरी कर आंध्र प्रदेश व कर्नाटक से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। न्यायालय ने दोनों को 318-4,बीएनएस धारा 319-2, 3,6धारा 61-2 बीएनएस तथा 66 डी आईटी एक्ट के तहत प्रत्येक अपराध के लिए 3-3 वर्ष की सजा सुनाई है। चारों सजाएं साथ-साथ चलेंगींं। 


अन्य पोस्ट