महासमुन्द

महासमुंद में सरकारी अस्पतालों की स्थिति बदतर-संजय यादव
11-Jul-2026 3:35 PM
महासमुंद में सरकारी अस्पतालों की स्थिति बदतर-संजय यादव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,11 जुलाई। आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रवक्ता संजय यादव ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि महासमुंद जिले के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। मरीजों को डॉक्टरों की कमी, आवश्यक दवाइयों का अभाव और जांच सुविधाओं में देरी जैसी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कहा है कि महासमुंद जिले में जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और अनेक उप स्वास्थ्य केंद्र तो हैं, लेकिन यहां डॉक्टरों का पर्याप्त स्टाफ  नहीं है। दवाइयों का अभाव और लैब की जांच में ज्यादा देरी के कारण मरीज बहुत परेशान हो रहे हैं।  जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि यहां सुविधाओं और सेवाओं में कमी को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।

सरकारी अस्पतालों में आने वाले ग्रामीण मरीज बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं, लेकिन यहां इलाज में देरी और अव्यवस्था के चलते उन्हें निजी अस्पतालों का रुख करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है।

 उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि अस्पतालों में डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पद शीघ्र भरे जाएं। आवश्यक दवाइयों और जांच सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साफ-सफाई एवं पेयजल जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए तथा मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।


अन्य पोस्ट