महासमुन्द
महासमुंद, 7 जुलाई। आम आदमी पार्टी ने नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई को गरीब किसान और आम नागरिकों के सम्मान के सम्मान पर सीधा हमला बताया है। आम आदमी पार्टी ने घोषणा की है कि बुधवार कल 8 जुलाई को प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्र में एक साथ प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगा।
इस अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा में पार्टी का प्रतिनिधिमंडल संबंधित विधायक से मुलाकात कर उनसे लिखित सहमति पत्र प्राप्त करने का प्रयास करेगा कि वे गरीबों की जमीन और उजड़े हुए आशियानों पर बनने वाले प्रस्तावित विधायक निवास को स्वीकार नहीं करेंगे।
पार्टी का कहना है कि लोकतंत्र में जनता अपने प्रतिनिधियों को इसलिए चुनती है कि वह उनके अधिकार की रक्षा कर सके ना कि उनके घर उजाड़ कर अपने लिए निवास बनवा लें। यदि किसी गरीब परिवार की छत छीन कर जनप्रतिनिधियों के लिए भवन बनाए जाते हैं तो यह केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं बल्कि सामाजिक न्याय और मानवीय संवेदनाओं के विरुद्ध कदम होगा।