महासमुन्द

बरसते पानी में जल निकासी व्यवस्था देखने वार्डों में पहुंचे नपाध्यक्ष
07-Jul-2026 4:12 PM
बरसते पानी में जल निकासी व्यवस्था देखने वार्डों में पहुंचे नपाध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता

महासमुंद, 7 जुलाई। लगातार हो रही बारिश से महासमुंद नगर के विभिन्न वार्डों में जलभराव और नालियों के अवरुद्ध होने की सूचना पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू बरसते पानी में मैदान में उतर गए। उन्होंने शहर के जलजमाव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। श्री साहू ने पालिका कर्मचारियों के साथ जेसीबी लेकर महामाया मंदिर के सामने, सिविल लाइन, एकता चौक, गुलशन चौक,स्वामी चौक, ओवरब्रिज के नीचे, अयोध्या नगर, कुर्मीपारा एवं शारदा मंदिर के आसपास का दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कई स्थानों पर नालियों में कचरा और गाद जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो रही थी। जहां पानी भर रहा था वहां निकासी के लिए रास्ता बनाया गया और अवरोधों को तत्काल हटवाया गया। स्वयं फावड़ा लेकर उन्होंने जाम नालियों की सफाई कराई, जिससे रुका हुआ पानी बाहर निकल सका और आम जनजीवन सामान्य हो सका। निचले इलाकों में जलभराव न हो इसके लिए विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई गई। अध्यक्ष ने पालिका कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मानसून भर लगातार निगरानी रखी जाए। कहीं भी जलभराव या अवरोध की सूचना मिलते ही तुरंत टीम भेजकर समस्या का समाधान किया जाए। ताकि नागरिकों को असुविधा न हो।

पानी में भीगते हुए स्वयं वार्डों में पैदल भ्रमण कर उन्होंने जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराया। जिसका नागरिकों ने खुले दिल से सराहना की है।


अन्य पोस्ट