महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 6 जुलाई। समीपवर्ती ग्राम सरईटार के विजय कुमार ध्रुव साइकिल से केदारनाथ की यात्रा पूरी कर लगभग 50 दिनों के बाद वापस पिथौरा लौट आए हैं। रविवार सुबह उनके पिथौरा पहुंचने पर आकाश अग्रवाल के नेतृत्व में नागरिकों द्वारा गाजे-बाजे और आतिशबाजी के साथ उनका स्वागत किया गया।
पिथौरा आगमन के बाद विजय कुमार ने थाना चौक स्थित थानेश्वर महादेव मंदिर में केदारनाथ से लाया गया जल अर्पित किया।
यात्रा के संबंध में जानकारी देते हुए विजय कुमार ध्रुव ने बताया कि वे पेशे से राजमिस्त्री हैं और लंबे समय से चारधाम की यात्रा करना चाहते थे। उन्होंने 21 मई को अपने पड़ोसी से यात्रा के लिए साइकिल मांगी, जो उन्हें तुरंत मिल गई। इसके बाद वे यात्रा पर निकल पड़े। विजय के अनुसार, वे मार्ग में पडऩे वाले मंदिरों के दर्शन करते हुए 15 जून को केदारनाथ पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने चंद्रशिला और बद्रीनाथ के भी दर्शन किए। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान मार्ग में लोगों द्वारा उन्हें सहयोग मिला, जिससे उनका उत्साह बना रहा।
रविवार को नगर के बार चौक में पिथौरा आगमन पर अनंत सिंह वर्मा, आकाश अग्रवाल, गोविंद शर्मा, मोनू सलूजा, रमेश सिन्हा, राजू देवांगन, जसविंदर अजमानी, राजकुमार उपाध्याय सहित अनेक स्थानीय नागरिकों ने विजय ध्रुव का स्वागत किया।