महासमुन्द
फंड, फ ाइलों को अटकाने से पंचायतों में विकास ठप होने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जुलाई। सामान्य सभा, सामान्य प्रशासन जैसी नीतिगत समितियों की नियमित बैठकें नहीं होने, फ ंड जारी नहीं करने से पंचायत स्तर पर विकास कार्य ठप होने तथा जिला पंचायत सदस्यों के साथ अभद्र व अमर्यादित व्यवहार अपनाने का आरोप लगाते हुए सामान्य सभा की बैठक में जिला पंचायत सदस्यों ने सर्वसम्मति से सीईओ हेमंत नंदनवार के विरूद्ध निंदा प्रस्ताव किया है। साथ ही मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में इसकी जानकारी देते हुए श्री नंदनवार को तत्काल प्रभाव स्थानांतरित कर उनके विरूद्ध उच्च स्तरीय जांच संस्थित कर कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार ने कहा कि आरोप बेबुनियाद है।
मालूम हो कि 15वें वित्त आयोग की राशि प्राप्त हो जाने के बाद भी प्रशासकीय स्वीकृति में हीला-हवाला और बीते वर्ष की उपलब्ध शेष राशि के उपयोग हेतु कार्ययोजना नहीं बनाने से पहले से ही नाराज सदस्यों के सब्र का बांध कल टूट गया। बैठक की अध्यक्षता जिपं अध्यक्ष मोंगरा पटेल कर रहीं थीं। सीईओ हेमंत नंदनवार समेत अधिकांश सदस्य बैठक में मौजूद थे। नाराज सदस्यों ने असहज वातावरण के बीच सीईओ के विरूद्ध कई गंभीर आरोप लगाते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया।
सदस्यों ने तत्संबंध में बाहर आकर मीडिया को इसकी जानकारी दी और कलेक्टोरेट जाकर कलेक्टर को भी इससे अवगत कराया। सदस्यों ने मुख्यमंत्री को भी एक पत्र लिखा है। पत्र में 6-6 माह तक बैठक आयोजित नहीं करने से नीतिगत निर्णय व विकास कार्य महीनों लंबित रहने, सरकारी योजनाओं निर्देशों तथा आबंटनों की अद्यतन जानकारी सदस्यों व जनपदों को समय पर मुहैया नहीं कराने के कारण क्रियान्वयन में बाधा उत्पन्न होने की शिकायत लिखी है।
इसी तरह राशि व स्वीकृत कार्यों की सूची को गोपनीय रखने, पंचायतों में पूर्ण निर्माण कार्यों के अंतिम मूल्यांकन व भुगतान को तकनीकी जांच के नाम पर महीनों अटकाने तथा इससे निर्माण एजेंसियों, सरपंचों, श्रमिकों में आक्रोश व्याप्त होने की जानकारी दी गई है। इसी तरह यह भी बताया कि जिला पंचायत को राशि प्राप्त होने के बाद भी प्रशासनिक मंजूरी देने में टालमटोल किया जाता है।
बताया कि जनपद व पंचायतों से अव्यवहारिक व अनावश्यक दस्तावेजों की मांग कर फाइलों को बेवजह लंबित रखा जाता है। शासकीय धान का जनहित में उपयोग नहीं कर उसे निस्क्रिय रखना प्रशासनिक अकर्मण्यता को दर्शाता है। इन कारणों से विकास की गति शून्य हो गई है। इसी तरह सदस्यों के प्रस्ताव, ज्ञापन, शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की जाती। इस दौरान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत सदस्य जागेश्वर जुगनू चन्द्राकर,रवि फरोदिया,करण सिंह दीवान, राम दुलारी सिन्हा, जगमोती भोई, देवकी दीवान, लोकनाथ बारी, कुमारी भास्कर के अलावा बागबाहरा जनपद अध्यक्ष केशव नारायण चन्द्राकर, पिथौरा जनपद अध्यक्ष उषा पुरूषोत्तम धृतलहरे आदि उपस्थित थे।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने पत्रकारों को बताया कि साल 2025 के बाद से बैठक नहीं हुई है। गत वर्ष तत्कालीन सीईओ एस आलोक के कार्यकाल में सभी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की कार्ययोजना बनाकर दी थी। लेकिन नये सीईओ आने के बाद से इस पर कार्रवाई नहीं हुई है। आज कल करते-करते साल भर से ज्यादा हो गया है। ऐसे में गांवों में विकास कार्य ठप पड़ गए हैं। इन वजहों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने बाधाएं उत्पन्न हो रही है।