महासमुन्द

43 शिक्षक-व्याख्याता अपने मूल शाला में नहीं लौटे
05-Jul-2026 8:30 PM
 43 शिक्षक-व्याख्याता अपने मूल शाला में नहीं लौटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 5 जुलाई। महासमुंद मुख्यालय में अब भी 43 शिक्षक, सहायक शिक्षक और व्याख्याता अपनी मूल पदस्थापना वाली शालाओं में नहीं लौटे हैं।

शिक्षा विभाग के अनुसार नए शिक्षा सत्र से सभी संलग्न शिक्षकों को उनके मूल विद्यालयों भेजने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद वर्षों से विभिन्न कार्यालयों में कार्यरत कई शिक्षक अब भी वहीं जमे हुए हैं। जारी सूची में 5 बीआरसीसी, 2 एबीईओ और 1 सहायक संचालक सहित कुल 12 अधिकारी स्तर के कर्मचारी शामिल हैं। इसके अलावा 31 आदिवासी छात्रावासों में लंबे समय से अनेक शिक्षक कार्यालयीन दायित्व निभा रहे हैं।

 विभागीय सूत्रों का कहना है कि अधिकांश कार्यालयों का काम संलग्न शिक्षक ही संभाल रहे हैं। ऐसे में यदि सभी बीआरसीसी, एबीईओ और अन्य संलग्न शिक्षकों को एक साथ मूल स्कूलों में भेज दिया गया, तो कार्यालयीन कार्य प्रभावित हो सकते हैं।

एक अधिकारी ने नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर कहा कि आदेश तो जारी हो गए हैं, लेकिन दफ्तरों का काम कौन संभालेगा, इसके लिए पहले वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जानी चाहिए थी।

शिक्षा विभाग से जारी संलग्न सूची में जिले के दो एबीईओ और 5 बीआरसीसी के भी नाम शामिल है। इनमें बागबाहरा एबीईओ शिक्षक रामता मन्नाडे और पिथौरा एबीईओ शिक्षक पूर्णानंद मिश्रा शामिल है। वहीं जिले के पांचों बीआरसीसी में जागेश्वर सिन्हा महासमुंद, भुवेश्वरी साहू व अन्य नाम हैंं। समग्र शिक्षा के सह जिला समन्वयक प्रमोद कन्नौजे का भी नाम इसमें शामिल है।

प्रामोद कन्नौजे का कहना है कि उनकी प्रतिनियुक्ति कलेक्टर के आदेश से हुआ है और उनको वेतन भी मूल स्कूल से नहीं बल्कि समग्र शिक्षा से जारी होता है। स्कूल में रिक्त पद की जानकारी विभाग को दे दी गई थी।

जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन का कहना है कि हमने विभागीय प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी को रिलीव कार्यमुक्त कर दिया है। अब तक मूल स्कूलों में जाकर ज्वाइनिंग दी है या नहीं जानकारी नहीं है। यदि विभाग ने उन्हें कार्यमुक्त कर दिया है, तो वे पुराने दफ्तरों में काम कैसे कर रहे हैं जैसे सवाल पर वे चुप रहे।


अन्य पोस्ट