महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 जुलाई। महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले का आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद कोमाखान पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 262 के तहत आरोपी पर नया अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोमाखान के अपराध क्रमांक 08-2026 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी एवं 29-29 के तहत वांछित आरोपी शेख मोबीन 45 वर्ष निवासी ताज नगर सैय्यद जमालपुरा, नांदुरा जिला बुलढाणा महाराष्ट्र की तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने 28 जून को गुजरात के सूरत जिले के डुमस थाना क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया था।
इसके बाद महासमुंद पुलिस द्वारा 29 जून को सूरत स्थित विशेष न्यायालय से दो दिन का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। पुलिस टीम आरोपी को लेकर महासमुंद लौट रही थी। इसी दौरान 30 जून की सुबह लगभग 6 बजे मध्य प्रदेश के देवास जिले के कमलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मामौर स्थित जैन मंदिर गेट के पास चाय पीने के लिए वाहन रोका गया। बताया गया कि उसी समय वहां प्रभात फेरी और कीर्तन मंडली की भीड़ गुजर रही थी। उसी भीड़़ का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया।
आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस अधिकारियों के अनुसार थाना कमलापुर में रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया गया, लेकिन वहां केवल आवेदन लिया गया और एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद पुलिस दल वापस महासमुंद लौट आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोमाखान थाना में बीएनएस की धारा 262 के तहत नया अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस ने घटना की सूचना न्यायालय को भी दे दी है। फरार आरोपी की तलाशी के लिए विभिन्न राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की जा रही है।