महासमुन्द

पहली बारिश: नाली का गंदा पानी सडक़ पर
03-Jul-2026 4:05 PM
पहली बारिश: नाली का गंदा पानी सडक़ पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 जुलाई। बीते 3 दिनों से आसमान पर उमड़ घुमड़ रहे काले बादल कल अपरान्ह 3 बजे अचानक बरस पड़े और लगाता तीन घंटे तक बारिश होती रही। इससे शहर समेत गांवों का वातावरण भी खुशगवार हो गया। आषाढ़ माास के पहले ही दिन से आसमान पर काले बादलों का डेरा था और भारी उमस से लोग परेशान थे। कल ही मौसम विभाग की ओर से महासमुंद जिला तथा इसके आसपास के जिलों के लिये येलो अलर्ट जारी किया गया और दोपहर 3 बजे से बारिश का दौर शुरू हो गया। महासमुंद में पहली बारिश ने लोगों को गर्मी से निजात तो दी है लेकिन शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खुल दी है।

थोड़ी देर की बारिश के बाद महासमुंद शहर के स्वामी चौक, बग्गा स्टोर्स के आसपास तथा बिन्नी बाई सब्जी बाजार में नाली का गंदा पानी सडक़ पर आ गया। वहीं भाजपा कार्यालय के पास सडक़ पर पानी जाम हो गया था। इससे लोगों की परेशानी बढ़ी। बारिश के दौरान दिन भर बिजली की आंख मिचौली जारी रही। शहर के हाउसिंग बोर्ड इलाके में लगभग 2 घंटे बिजली गुल रही। जबकि मचेवा, बम्हनी, चिंगरौद, नांदगांव इलाके में बिजली आती-जाती रही। लगातार तीन घंटे की तेज बारिश ने नगर पालिका की बारिश पूर्व तैयारियों की पोल खोल दी। कई वार्डों में डेढ़ से दो फ ीट तक पानी भर गया और घरों-सडक़ों पर जलभराव की स्थिति बन गई। नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जेसीबी मशीन बुलवाकर नालियों से मलवा हटवाया और जल निकासी की व्यवस्था कराई। श्री राठी ने कहा कि बारिश से पहले बड़ी नालियों की समुचित सफाई नहीं होने के कारण शहर में बाढ़ जैसे हालात बने। उन्होंने नगर पालिका के सीएमओ से तत्काल अतिरिक्त सफाई दस्ता तैनात करने, नालियों की नियमित सफाई कराने और बारिश के दौरान आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने वार्ड क्रमांक 14 की मुख्य नाली की सफाई और उसकी ऊंचाई बढ़ाने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इस संबंध में पहले भी आवेदन दिया जा चुका है।

 लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

               बहरहाल अच्छी बारिश के बाद आज सुबह से किसान खेतों की ओर निकल पड़े हैं। कहा जा रहा है कि अब किसानी के कामों में तेजी आएगी और किसान बोनी में जुटेंगे। जिले में बोनी का आंकड़ा कल तक शून्य था। बीते माह की बात करें तो किसान बीते माह भर से खेतों की साफ. सफाई, खाद.बीज का प्रबंध सहित सभी आवश्यक तैयारी करते रहे और उन्हें अच्छी बारिश का इंतजार था।


अन्य पोस्ट