महासमुन्द
महासमुंद,3 जुलाई। जिले में नए राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया तकनीकी अड़चनों में फंस गई है। सेवा सेतु पोर्टल में नवीन राशन कार्ड बनाने का विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण महासमुंद जिले में लगभग 7800 आवेदन पत्र संबंधित कार्यालयों में जमा हो चुके हैं। लेकिन पोर्टल पर प्रक्रिया पूरी नहीं होने से आवेदकों को अब तक राशन कार्ड जारी नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार राज्य शासन ने में जून 2026 से नवीन राशन कार्ड, सदस्यता जोडऩे एवं नाम विलोपन की प्रक्रिया सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन कर दी है। इसके तहत आवेदन ऑनलाइन प्राप्त कर सत्यापन के बाद राशन कार्ड जारी कर किए जाने का प्रावधान है। महासमुंद जिले में बड़ी संख्या में नवविवाहित दंपति, अलग परिवार बनाने वाले सदस्य तथा पात्र गरीब परिवार नए राशन कार्ड के लिए आवेदन कर चुके हैं। हालांकि पोर्टल में संबंधित विकल्प दिखाई नहीं देने अथवा तकनीकी समस्या के कारण आवेदन आगे नहीं बढ़ रहे हैं।
जिले में सेवा.सेतु ई डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड बनाने, सदस्यों के नाम जोडऩे एवं विलोपन की प्रक्रिया ऑनलाइन करने संबंधी कलेक्टर कार्यालय द्वारा जून में ही आदेश जारी किए जा चुके हैं। आदेश में स्पष्ट रूप से लोक सेवा केंद्रों और संबंधित निकायों को सेवा.सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर पोर्टल में तकनीकी दिक्कतों के कारण नए राशन कार्ड के आवेदन का विकल्प ही दिखाई नहीं दे रहा है और कलेक्टर के आदेशों का प्रभावी पालन नहीं हो पा रहा है।
महासमुंद जिले में लगभग 7800 आवेदन विभिन्न कार्यालयों में लंबित पड़े हैं और हजारों पात्र हितग्राही राशन कार्ड बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। आवेदकों को बार-बार खाद्य विभाग, जनपद पंचायत और नगरीय निकाय कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगरों तक हितग्राहियों में असंतोष बढ़ रहा है। राशन कार्ड नहीं बनने से कई परिवार सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाले खाद्यान्न एवं अन्य शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। इस मामले में खाद्य विभाग का कहना है कि नए राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया तकनीकी अड़चनों में फंस गई है। शीघ्र ही इस प्रक्रिया में सुधार कर लोगों को राहत दिया जावेगा।