महासमुन्द
पंचमी से विभिन्न औषधियों के काढ़े से शुरू होगा उपचार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,1 जुलाई। स्नान पूर्णिमा के अवसर पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा का विधि-विधान से महाभिषेक किए जाने के बाद भगवान के अस्वस्थ होने की मान्यता के चलते मंदिर के पट बंद कर दिए गए हैं।
परंपरा के अनुसार अब आगामी 15 दिनों तक भगवान विश्राम करेंगे और इस अवधि में विशेष उपचार व सेवा की जाएगी। श्री जगन्नाथ मंदिर के पुजारियों ने बताया कि स्नान पूर्णिमा के पश्चात भगवान को ज्वर आने की धार्मिक मान्यता है। इसी कारण उन्हें एकांत कक्ष में विश्राम कराया जाता है तथा आयुर्वेदिक पद्धति से उनकी सेवा की जाती है।
इस दौरान मंदिर के गर्भगृह में सामान्य दर्शन बंद रहते हैं और केवल निर्धारित सेवाएं संपन्न की जाती हैं। पुजारियों के अनुसार भगवान को स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेष औषधीय काढ़ा अर्पित किया जा रहा है। जिसमें दालचीनी, जावित्री, काली मिर्च, लौंग और इलायची जैसे औषधीय पदार्थ शामिल हैं।
धार्मिक परंपरा के अनुसार रथयात्रा के बाद भगवान जगन्नाथ अपनी मौसी के घर विश्राम करने जाते हैं। अत: निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 जुलाई को भगवान पुन: मंदिर लौटेंगे। इस वापसी यात्रा को बहुड़ा यात्रा के रूप में मनाया जाता है।
मंदिर समिति के अनुसार बहुड़ा यात्रा के बाद भगवान पुन: अपने सिंहासन पर विराजमान होंगे और इसके साथ ही नियमित धार्मिक अनुष्ठान एवं मांगलिक कार्य प्रारंभ हो जाएंगे। श्रद्धालुओं में रथयात्रा और बहुड़ा यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा मंदिर परिसर में तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं।
मंदिर समिति ने बताया कि 15 जुलाई को नेत्रोत्सव का भायोजन होगा जिसमें भगवान पुन: नक्तों को दर्शन देंगे। इसके अगले दिन 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के नाथ रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।