महासमुन्द

30 वर्ष पूर्व हुई अनुकंपा नियुक्ति की जांच रिपोर्ट तैयार
28-Jun-2026 7:00 PM
30 वर्ष पूर्व हुई अनुकंपा नियुक्ति की जांच रिपोर्ट तैयार

बर्खास्तगी और कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 जून। बसना विकासखंड के प्राथमिक शाला गौरटेक में पदस्थ प्रधान पाठक संतलाल मुखर्जी की अनुकंपा नियुक्ति को लेकर कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी गई है। शिकायतकर्ता फिरोज खान ने इस नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए संबंधित प्रधान पाठक की सेवा समाप्त करने, एफआईआर दर्ज कराने और विभागीय स्तर पर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है।

यह मामला वर्ष 1994-95 का है, जब सरायपाली क्षेत्र में पदस्थ शिक्षक कन्हैयालाल के निधन के उपरांत संतलाल मुखर्जी को सहायक शिक्षक के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस नियुक्ति में नियमों और पारिवारिक दस्तावेजों की अनदेखी की गई है। इस संबंध में पूर्व में मृत शिक्षक की माता द्वारा भी विभाग में आपत्ति दर्ज कराई गई थी।

दस्तावेजों में विसंगति का आरोप

शिकायतकर्ता फिरोज खान ने बताया कि सूचना के अधिकार (आरटीआई) से प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, नियुक्ति आदेश में संतलाल मुखर्जी के पिता के स्थान पर दिवंगत शिक्षक कन्हैयालाल चौहान का नाम दर्ज है, जबकि अन्य दस्तावेजों के अनुसार संतलाल के पिता का नाम जगसाय मुखर्जी है। जांच प्रक्रिया के दौरान संतलाल मुखर्जी ने स्वयं को मृत कर्मचारी का चचेरा भाई बताया है, परंतु शिकायतकर्ता का दावा है कि विभाग को सौंपे गए वंशावली दस्तावेजों में इस संबंध की पुष्टि नहीं होती है।

अक्टूबर 2025 में कलेक्टर जनदर्शन में की गई शिकायत और बाद में ऑनलाइन जन शिकायत पोर्टल पर मामला दर्ज होने के बाद डीईओ कार्यालय ने बसना बीईओ को मामले की जांच के निर्देश दिए थे। प्रार्थी पक्ष के वकील के अनुसार, नियुक्ति आदेश की शर्तों के तहत गलत तथ्य पाए जाने पर सेवा समाप्त किए जाने का प्रावधान है, जिसके आधार पर उन्होंने संबंधित प्रधान पाठक को निलंबित कर आगे की कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

प्रतिवेदन का परीक्षण कर होगी कार्रवाई:-डीईओ

इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) बी.एल. देवांगन ने जानकारी दी कि क्षेत्र में उनकी पदस्थापना हाल ही में हुई है। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण की जांच रिपोर्ट कार्यालय को प्राप्त हो चुकी है। अवकाश के उपरांत जांच प्रतिवेदन का विधिक परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट