महासमुन्द
प्रधानमंत्री कार्यालय से मिला बधाई पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबहरा, 27 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के उपरांत आयोजित राष्ट्रीय क्विज प्रतियोगिता में अलका चंद्राकर ने देश भर में शीर्ष दस (टॉप-10) में स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा उन्हें एक बधाई पत्र प्रेषित किया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय से प्राप्त पत्र में उल्लेख किया गया है कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम एवं क्विज प्रतियोगिता दोनों में नागरिकों की यह रुचि देशवासियों के सामूहिक प्रयासों और प्रेरणादायक कार्यों को उजागर करने की यात्रा का हिस्सा है। पत्र में इस उत्साह को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और राष्ट्र को आत्मनिर्भर व समृद्ध बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया गया है।
सामाजिक प्रयासों को सामने लाता है कार्यक्रम- अलका चंद्राकर
इस अवसर पर अलका चंद्राकर ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम पूर्ण रूप से गैर-राजनीतिक है, जिसका मुख्य उद्देश्य देशवासियों के प्रेरणादायक प्रयासों को सबके सामने लाना और अन्य लोगों को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, युवाओं के नवाचार, कृषि के नए प्रयोगों, जल संरक्षण, स्वच्छता, स्टार्टअप और स्वदेशी कला-शिल्प जैसे जमीनी स्तर पर बदलाव लाने वाले नागरिकों के कार्यों को रेखांकित किया जाता है। उल्लेखनीय है कि अलका चंद्राकर इससे पूर्व प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत किए गए कार्यों के संदर्भ में नई दिल्ली के ताज होटल में आयोजित एक राष्ट्रीय संगोष्ठी में व्याख्यान देने वाले देश के चार वितरकों (डिस्ट्रीब्यूटर्स) में शामिल रही हैं। इसके साथ ही वे राज्यपाल द्वारा पुरस्कृत, प्रधानमंत्री सेल्फी अभियान में राज्य स्तर पर सम्मिलित और भाजपा के संगठनात्मक सदस्यता अभियान में सक्रिय योगदान के लिए सम्मानित हो चुकी हैं। वर्तमान में वे इस्पात मंत्रालय, नई दिल्ली के अधीन ‘एमएसटीसी’ में स्वतंत्र निदेशक के रूप में कार्यरत हैं।