महासमुन्द

गांजा तस्करी, 15 साल कैद
27-Jun-2026 3:50 PM
गांजा तस्करी, 15 साल कैद

महासमुंद, 27 जून। गांजा तस्करी के आरोपी को कोर्ट ने 15 साल की सजा सुनाई है।

गांजा परिवहन के मामले में आरोप दोषसिद्ध होने पर एनडीपीएस एक्ट के विशेष न्यायाधीश संघपुष्पा भतपहरी ने ओडिशा कोरापुट जिला के बारनीपुट निवासी संतोष दोरा को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 ख के तहत 15 वर्ष के सश्रम कारावास और डेढ़ लाख रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर एक वर्ष का सश्रम कारावास पृथक से भुगतना होगा। सजा सुनाते वक्त इस प्रकरण के एक अन्य व्यक्ति ओडिशा कोरापुट जिला के क्रिश्चनपेटा निवासी जय सिंग जगबंधु अनुपस्थित रहा। अभियोजन के अनुसार बागबाहरा थाना क्षेत्र में 31 जुलाई 20 को वाहन चेकिंग के दौरान पिथौरा चौक बागबाहरा के पास महिन्द्रा मैक्स पिकअप क्र.एपी 31 टीटी 1911 में दोनों व्यक्ति खरियार रोड की तरफ से आ रहे थे। वाहन रोककर पूछताछ करने पर रायपुर मिर्च लेकर जाना बताया।

       शंका पर वाहन जांच की गई तो मिर्च की बोरियों के नीचे 15 सफेद प्लास्टिक की बोरियों में मादक पदार्थ गांजा पाया गया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि गांजा जयपुर ओडिशा से ले जाकर रायपुर व आसपास बेचने जा रहे थे। इस दौरान 15 प्लास्टिक की बोरियों में 3 सौ किलो ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। बागबाहरा थाना द्वारा एनडीपीएस एक्ट का अपराध दर्ज कर विवेचना उपरांत मामला कोर्ट को सौंपा था। अभियोजन की ओर विशेष लोक अभियोजक नूतन साहू ने पैरवी की।


अन्य पोस्ट