महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 जून। महासमुंद जिले से गुजरने वाली एनएच-53 पर मुढ़ीपार क्रॉसिंग के पास 21 जून की रात करीब 11 बजे मुंबई से बालासोर जा रहा ट्रक क्रमांक सीजी 04 क्यूएम 3809 एक ट्रेलर की टक्कर से बैलेंस बिगड़ते ही सीधे सडक़ किनारे जा पलटा।
ट्रक में 25 टन रिलायंस पाउडर और 10 टन प्याज लदा था, जो पलटते ही सडक़ किनारे फैल गया। हादसे की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिनमें से कई लोग बिखरा हुआ प्याज बोरियों, थैलों और यहां तक कि हाथों में भर-भरकर ले जाते रहे। रात के अंधेरे में प्याज बीनो अभियान ऐसा चला कि सुबह होते तक ट्रक से सारा प्याज साफ हो गया।
ट्रक मालिक इंद्रजीत सिंह निवासी मुंबई ने इसकी रिपोर्ट थाने में कराई है। उसने पुलिस को बताया है कि हादसे के बाद सिर्फ बिखरे प्याज ही नहीं बल्कि पलटे हुए ट्रक से जैक रॉड, दो बैटरी, तिरपाल समेत करीब 23 हजार का सामान भी गायब मिला। उनके मुताबिक प्याज की कीमत ही 35 हजार 725 रुपये थी। कुल मिलाकर 58 हजार से ऊपर का नुकसान हो गया। इस हादसे से ड्राइवर जुझार सिंह को मामूली चोटें आईं है। इंद्रजीत सिंह ने मामले की शिकायत थाना पिथौरा में की है। पुलिस ने उनकी शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 303-2, 314, 324 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उक्त जानकारी जिला पुलिस मुख्यालय से जारी डीएसआर से मिली है।