महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 जून। भाजपा जिला अध्यक्ष येतराम साहू ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताते हुए कहा कि यह केवल एक राजनीतिक निर्णय नहीं था। बल्कि संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक स्वतंत्रताओं पर सुनियोजित हमला था।
उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आंतरिक अशांति का हवाला देते हुए संविधान के अनुच्छेद 352 का दुरुपयोग कर देश पर आपातकाल थोप दिया। जबकि उस समय देश में न तो युद्ध की स्थिति थी, न कोई सशस्त्र विद्रोह और न ही किसी प्रकार का बाहरी आक्रमण हुआ था।
श्री साहू ने कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा इंदिरा गांधी के चुनाव को निरस्त किए जाने और उनकी लोकसभा सदस्यता पर प्रश्नचिह्न लगने के बाद अपनी सत्ता और कुर्सी बचाने की मंशा से यह कदम उठाया गया। न्यायपालिका से मिली चुनौती के बाद लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने के बजाय सत्ता के संरक्षण के लिए पूरे देश को आपातकाल की बेडिय़ों में जकड़ दिया गया। यह एक डरी हुई सरकार और भयभीत प्रधानमंत्री की सत्ता बचाने की रणनीति थी, जिसे लोकतंत्र और संविधान की कीमत पर लागू किया गया।
श्री साहू ने कहा कि जिस संविधान की शपथ लेकर इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री पद ग्रहण किया था।
उसी संविधान की आत्मा को कुचलते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था को एक झटके में तानाशाही की ओर धकेल दिया गया।