महासमुन्द

बिजली सुधारने की बात पर महिला से मारपीट
24-Jun-2026 4:12 PM
बिजली सुधारने की बात  पर महिला से मारपीट

महासमुंद, 24 जून। महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र स्थित तोषगांव में बिजली बनाने की बात को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। मामले में एक महिला ने अपने देवर और देवर बेटे पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ  अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम तोषगांव निवासी आसमीन निराला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 21 जून को उसके घर की बिजली खराब हो गई थी। बिजली सुधारने के लिए वह अपने देवर के बेटे कार्तिक राम निराला के घर गई थी। कार्तिक बिजली बनाने का काम करता है। इसी दौरान बिजली सुधारने की बात को लेकर विवाद हो गया।  आरोप है कि रात करीब 8 बजे उसके देवर ठाकुर राम निराला और देवर बेटे कार्तिक राम निराला ने विवाद करते हुए लाठी से मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट से महिला के दाहिने जांघ और पीठ में चोट आई है। घटना के दौरान महिला के पति घसिया निराला और बहू भानूमति निराला ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ठाकुर राम निराला, कार्तिक राम निराला के खिलाफ  भारतीय न्याय संहिता की धारा 115-2,296, 3-5 एवं 351-3 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट